Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
जिला प्रशासन के एंटी माफिया मुहीम के चलते धरासायी बालाजी गार्डन का गेट
- थाटीपुर बालाजी गार्डन का गेट, गैलरी तोड़ी
ग्वालियर में एंटी माफिया ऑपरेशन की शुरुआत बुधवार को कांग्रेस नेता से जुड़े बालाजी गार्डन को तोड़ने से हो गई। प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची और तोड़फोड़ शुरू कर दी। जमीन मालिक ने बिना नोटिस कार्रवाई को गलत बताया है। साथ ही, उनके पास स्टे होने की बात कहते हुए विरोध जताया। इस पर प्रशासन ने गुरुवार दोपहर 12 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। यह जमीन कांग्रेस नेता अशोक सिंह की बताई जाती है। इस पर बालाजी गार्डन के नाम से वाटिका है।
उपचुनाव के बाद जिले में एंटी माफिया मुहिम चलाए जाने की बात सीएम पहले ही साफ कर चुके थे। बुधवार शाम शहर में एंटी माफिया ऑपरेशन शुरू किया गया है। पहली कार्रवाई कांग्रेस नेता व सेंट्रल पार्क होटल के मालिक अशोक सिंह के परिवार से जुड़ी जमीन पर हुई। शहर के प्रमुख स्थल थाटीपुर पर बालाजी गार्डन के आगे की 4 बीघा जमीन को शासकीय जमीन होने का दावा कर एसडीएम विनोद भार्गव के नेतृत्व में टीम आधा सैकड़ा पुलिस जवानों को लेकर बालाजी गार्डन पहुंची। यहां बिना नापतौल के तोड़फोड़ शुरू कर दी। चंद मिनटों में जेसीबी ने गार्डन का प्रमुख गेट और गैलरी को धराशायी कर दिया। इसके बाद वहां विरोध शुरू हो गया। विरोध के बाद टीम ने पांव पीछे खींच लिए। आधी कार्रवाई के बाद नापतौल का काम शुरू करने की कार्रवाई का दिखावा करते हुए टीम निकल आई।
एसडीएम विनोद भार्गव ने बताया कि गार्डन के आगे की जमीन शासकीय है। अभी थोड़ी कार्रवाई की है। नापतौल के बाद आने वाले 4 से 5 दिन में जितना भी अतिक्रमण होगा, उसे हटाया जाएगा। मामले में एडवोकेट अति सुंदर सिंह का कहना है कि जिन सर्वे क्रमांक को प्रशासन शासकीय बता रहा है, उस पर स्टे है। इसके बाद भी बिना नोटिस प्रशासन कार्रवाई कर गया। ये उनकी मंशा दिखाता है कि वह गुंडागर्दी कर रहे हैं।