Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
राजगढ़एक दिन पहले
- कॉपी लिंक
- हवा का रुख बदलने से अगले 3-4 दिनाें में रात का पारा अाैर नीचे जाने की संभावना
अब शहर में सर्दियों का माैसम पूरी तरह से आगमन की तैयारी में है। देश के उत्तरी व पश्चिमी हिस्सों से पश्चिमी विक्षोभ के निकलने के बाद अब हवा का रुख बदलेगा। इससे जिले में भी ठिठुरन बढ़ जाएगी। न्यूनतम तापमान के साथ ही अधिकतम तापमान भी नीचे आने लगेगा। बादलों की आवाजाही से शहर में ठंड का असर अभी कम था लेकिन बुधवार को कोहरे का भी असर रहा। पिछले दो-तीन दिनों से बादलों की आवाजाही रहने की वजह से शहर में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी लेकिन अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान और नीचे जा सकता है। अधिकतम तापमान में भी गिरावट का अनुमान है। इसे फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जिले में 4-5 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान नीचे आने की संभावना है। कई जगह धुंध व कोहरा भी छाने के भी आसार हैं। मौसम विभाग के उदय सरवटे के अनुसार उत्तरी हवाओं का दौर ज्यादा रहने के चलते आगामी एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान भी काफी नीचे पहुंचने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
अभी तक 75 फीसदी हो चुकी है रबी सीजन की बोवनी
जिले में इस साल सवा तीन लाख हेक्टेयर क्षेत्र से अधिक का रबी लक्ष्य तय किया है। इसमें से 75 फीसदी बोवनी हो गई है। उपसंचालक कृषि हरीश मालवीय ने बताया कि किसानों काे डीएपी व एनपीए का वितरण करा दिया है। वहीं पहले पानी में जिन किसानों को यूरिया लग रहा है उसके लिए पर्याप्त इंतजाम है। श्री मालवीय ने बताया कि हमारे पास दूसरे पानी का भी यूरिया है, तब तक 10 हजार टन यूरिया की आवक हो जाएगी।
क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के दौरान पारे में ऐसा रहा उतार-चढ़ाव
दिन न्यून. अधिकतम
बुधवार 18.2 29.8
मंगलवार 20.5 30.5
सोमवार 21.6 31.0
रविवार 21.7 32.5
शनिवार 17.1 34.0
शुक्रवार 14.2 29.6
गुरूवार 13.3 28.0
जानिए… कैसे प्रभावित करता है पश्चिमी विक्षोभ
{पश्चिम से हवाएं चलती हैं, जिसके साथ बादल भी आते हैं।
{जहां नमी मिलती है, वहां बारिश-बौछारें तो कहीं ओले की संभावना बनती है।
{उत्तरी, पूर्वी व उत्तर-पूर्वी हिस्सों में इस पश्चिमी विक्षोभ के असर से बर्फबारी होती है।
रात का तापमान 24 घंटे में दो डिग्री से अधिक गिरा
मौसम विभाग के आरएस गोयल के अनुसार हवा की रफ्तार कम होने से दिन व रात के तापमान में कमी आई है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस था, जो बुधवार को एक डिग्री से अधिक की गिरावट के साथ 29.8 डिग्री पर आ पहुंचा। इसी तरह मंगलवार को रात का तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस था जो बुधवार को दो डिग्री से अधिक की डिग्री के साथ 18.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा। इस दौरान मौसम में सुबह के समय आद्रता 85 फीसदी थी, जो शाम को घटकर 46 फीसदी रह गई।
फसलों के लिए फायदेमंद है बादल छंटना, ठंड बढ़ना
पिछले दिनों बादल छा रहे थे जो फसलों के लिए नुकसानदेह साबित होता है। बादल छाने से पौधों की बढ़वार में कमी आती है, वहीं कीट प्रकोप की भी आशंका रहती है। ठंड बढ़ना पौध की ग्रोथ के लिए अच्छा है। रबी फसल के लिए रात का कम तापमान में और दिन की धूप फायदेमंद होती है।