Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जेल से रिहा होने के बाद बाबा कार में सवार होकर बिना कुछ बोले निकल गए थे।
11 दिन जेल में बिताकर गुरुवार शाम जमानत मिलने के बाद कम्प्यूटर बाबा हरिद्वार जाने का कहकर इंदौर से रवाना हो गए। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और वरिष्ठ कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने बाबा पर तंज कसते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है – ‘जेल से छूटते ही बाबा चले हरिद्वार, पहले चले जाते तो राजनीति का नहीं होता बेड़ा पार, अभी भी कुछ बचे हैं, जो आगे दे सकते हैं नुकसान, कार्यकर्ताओं की भावना है, इस बात का लिया जाए संज्ञान…।’
जेल से छूटते ही “बाबा”चले हरिद्वार!!
पहले चले जाते तो “राजनीति”का नहीं होता “बेड़ा – पार”।
अभी भी कुछ बचे हैं जो आगे दे सकते हैं नुकसान।
कार्यकर्ताओं की भावना है इस बात का लिया जाए “संज्ञान”। @OfficeOfKNath @INCMP @INCIndia— lakshman singh (@laxmanragho) November 20, 2020
कम्प्यूटर बाबा को सभी मामलों में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद गुरुवार देर शाम उन्हें रिहा कर दिया गया था। 11 दिन बाद बाबा जेल से बाहर आए, लेकिन वे काफी घबराए लग रहे थे। गेट के पास ही मीडिया ने उनसे कई सवाल पूछे, लेकिन उन्होंने कहा, मुझे कुछ नहीं कहना। उन्होंने इतना ही कहा कि वकीलों और सबका धन्यवाद। भगवान ने सत्य की जीत की है। इसके बाद कुछ दूर खड़ी कार में सवार हाेकर बाबा निकल गए।
वकील विभोर खंडेलवाल के बताया कि रिहाई के बाद बाबा सीधे हरिद्वार चले गए। बाबा ने कहा था कि जेल में वे ठीक से पूजा-पाठ नहीं कर पाए, इसलिए 15 दिन हरिद्वार में रहकर पूजन करेंगे। फिर वे कुछ यात्राएं करेंगे। खंडेलवाल की मानें, तो बाबा अन्य देवस्थान पर भी जाएंगे। करीब 1 महीने तो वो भक्ति में ही रहेंगे। बाबा के इन्दौर आने को लेकर कहा कि इस बारे में बता नहीं सकता।
बाबा पर चार केस दर्ज
बाबा के वकील के अनुसार बाबा के खिलाफ चार मामले दर्ज किए गए थे। 8 नवंबर को धारा 151 के तहत बाबा को जेल भेजा गया था। इसके बाद 12 नवंबर को गांधी नगर में एक मामला दर्ज हुआ। इसके बाद एरोड्रम थाने में एक और केस दर्ज हुआ। 15 नवंबर को हाई कोर्ट ने धारा 151 में बैंक गारंटी पर बाबा का जमानत देने को कहा। बैंक गारंटी पर कोई दिक्कत आने पर बॉन्ड के जरिए बाबा को रिहा किया जाए। बैंक गारंटी नहीं जमा करने पर बाबा के लोग बॉन्ड लेकर जेल पहुंचे तो जेलर ने बॉन्ड लेने से मना कर दिया। 16 नवंबर को एरोड्रम और गांधी नगर वाले मामले में सुनवाई हुई। गांधी नगर मामले में बाबा को जमानत मिल गई, लेकिन एरोड्रम वाले मामले में एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इसके बाद 17 नवंबर को बाबा को एरोड्रम मामले में भी जमानत मिल गई। वहीं, उसी दिन उनके खिलाफ एक और केस गांधी नगर थाने में दर्ज हुआ।