नई दिल्ली: आईपीएल 2020 (IPL 2020) किंग्स इलेवन पंजाब के लिए मुश्किलों से भरा रहा. जहां टीम के बल्लेबाज रन बनाते गए, वहां टीम जीता जिताया मुकाबला हार गई. भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने इस आईपीएल में सभी टीमों को मैच के बाद रोस्ट करते नजर आए. सहवाग ने खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन का खूब मजाक बनाया.
एक वीडियो में सहवाग (Virender Sehwag) ने ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) को भी छोड़ा और उन्होंने मैक्सवेल को 10 करोड़ की चीयरलीडर कह दिया.
मैक्सवेल ने सहवाग को इसका जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि वह भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज की कमेंट से हैरान नहीं हैं और यह पहली बार नहीं है. मैक्सवेल ने कहा है, ‘यह ठीक है. वीरू मेरे प्रति अपनी नापसंदगी के साथ बहुत स्पष्ट है और यह ठीक है. उन्हें जो कुछ भी पसंद है उन्हें कहने की अनुमति है. वह इस तरह के बयानों के लिए मीडिया में हैं, इसलिए ठीक है मैं उनसे निपटता हूं और आगे बढ़ता हूं’.
बता दें कि सहवाग (Virender Sehwag) ने मैक्सवेल पर टिप्पणी की थी. सहवाग ने कहा था, ‘ये 10 करोड़ का चीयरलीडर पंजाब को बहुत भारी पड़ गया. पिछले कुछ सीजन में मैक्सवेल का रिकॉर्ड कामचोरी करने का रहा है और इस सीजन में उन्होंने इसका रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.’ मैक्सवेल ने आईपीएल-13 में बेहद खराब प्रदर्शन किया. उन्होंने 13 मैचों में 15.42 की औसत से महज 108 रन बनाए. वो पूरे सीजन में एक भी छक्का नहीं लगा सके.