Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मास्क नहीं पहनने पर जेल रोड क्षेत्र में निगम ने कार्रवाई करते हुए बाइक सवार को पकड़ा।
इंदौर में शनिवार को चौराहों, बाजार और गलियों में लोग यहां-वहां बचकर भागते नजर आए। वे कोई और नहीं मास्क नहीं पहनने वाले लोग थे, जो निगम की चालानी कार्रवाई से बचकर भाग रहे थे। चालानी कार्रवाई से बचे लोग राहत की सांस तो लेते नजर आए, लेकिन इन्हें शायद इस बात का भान नहीं था कि यह राहत रूपी खुली सांस, उन्हें कोरोना रूपी यमराज के पास पहुंचा सकती है। चालानी कार्रवाई के दौरान दौड़ भाग के अलावा कई प्रकार के बहाने भी सुनने को मिले। किसी ने कहा सांस लेने में दिक्कत होती है तो कई बोला – मास्क टूट जाता है। किसी ने कहा बस यहीं तक आया था, छोड़ दो अभी लेकर आता हूं। किसी ने गाड़ी की चाभी निकालने पर आंख भी दिखाई। इन सबके बाद भी चालानी कार्रवाई जारी रही।

नकद रुपए नहीं होने पर निगम की टीम ने पेटीएम से चालान वसूला।
इंदौर में कोरोना की तीसरी लहर आते ही पुलिस-प्रशासन और नगर निगम फिर से एक्टिव मोड में आ गया है। प्रशासन ने जहां सभी से मास्क लगाने की अपील करते हुए ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की बात कही। वहीं, पुलिस ने एक बार समझाइश के बाद मास्क सहित नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की बात कही है। सबसे तेजी निगम ने दिखाई और एक बार फिर से मास्क नहीं लगाने वालों पर चालानी कार्रवाई शुरू की। मास्क नहीं पहनने पर 200 रुपए का स्पाट फाइन लगाया जा रहा है। साथ ही मास्क पहनने के लिए कहा जा रहा है।

कार्रवाई देख भागा साइकिल सवार बुजुर्ग।
शनिवार को जब निगम की टीम राजबाड़ा और जेल रोड पर पहुंची तो यहां पर लोग मस्ती में मस्त नजर आए। चेहरे पर ना मास्क था ना ही सोशल डिस्टेंसिंग। लाेग हाथों में हाथ लिए बतियाते हुए घूम रहे थे। निगम की टीम ने चालानी कार्रवाई शुरू की तो लोग भागने लगे। कोई गाड़ियों के पीछे से छिपकर निकला तो किसी ने जिस ओर से आया उसी ओर फिर से बाइक और साइकिल दौड़ा ली। जो पैदल थे, उन्हें पीछे निगम की टीम ने भी दौड़ लगा दी। इस लुकाछिपी में कई पकड़ाए तो कुछ भागने के बाद राहत की सांस लेते नजर आए। लेकिन उनका यह मजाक गलती से भी उन्हें कोरोना होने पर उनके अलावा उनके संपर्क में आने वालों को कितना भारी पड़ सकता है। संभवत: इस बारे में उन्होंने शायद सोचा ही नहीं है।

निगमकर्मी ने पकड़ा तो मुंह पर रखने लगा रुमाल।
पकड़ाया तो बोला – 100 रुपए ले लो, तुम कर सकते हो
निगम ने मास्क नहीं पहनने वाले एक युवक को दबोचा तो वह बोला कि मास्क तो वह घर से लेकर चला था, पर कहीं गिर गया। इसके बाद कहने लगा क्या करूं मास्क की रबर टूट जाती है। जब निगम ने कहा कि 200 का चालान कटवा लो तो बोला कि मेरे पास तो इतने हैं ही नहीं। चलो 100 का चालान बना दो। इस पर निगम टीम ने कहा कि चालान तो 200 का ही बनेगा। इस पर युवक बोला – अरे 100 का बना दो कौन सा तुम्हारे घर जाएगा। निगम कर्मी ने कहा कि हां मेरे घर तो नहीं जाएगा पर चालान तो उतने का ही बनेगा। काफी देर बाद उसने चालान बनावा और वहां से चलता बना। इसके अलावा एक युवक ने कहा कि उसके पास रुपए नहीं हैं तो निगम ने पेटीएम के जरिए उससे चलाना भरवाया।

निगमकर्मी ने पकड़ा तो बोला – 100 रुपए का चालान काट दो।
युवक बोला – 200 क्या ऐसे लोगों से 500 रुपए वसूलो
युवा अरविंद ने चालानी कार्रवाई को लेकर कहा कि निगम की यह कार्रवाई बहुत जरूरी और सही है। मास्क लगाने और दूरी बनाए रखना पर खुद का ही फायदा है। कोरोना महामारी से पूरे विश्व परेशान है। मास्क पहना और दूरी बनाए रखने से किसी और को नहीं अपने को ही फायदा होगा। निगम नियमों का पालन नहीं करने वालों से 200 नहीं 500 रुपए चालान वसूले।

चालानी कार्रवाई के दौरान बोलो- मास्क कहीं गिर गया था।
नवंबर में पहली बार 492 नए मामले मिले, 3 की जान भी गई
इंदौर में एक बार फिर से कोरोना विस्फोट हुआ। शुक्रवार रात को 492 संक्रमित मिले। साथ ही 3 मरीजों की जान भी गई। इसके पहले 11 अक्टूबर को 453 मरीज मिले थे। इंदौर में एक दिन में सर्वाधिक 495 पॉजीटिव 1 और 9 अक्टूबर को सामने आए थे। नंबर के 20 दिनों में 2901 पॉजिटीव मरीज मिले और 47 मौतें हुईं। पिछले 3 दिनों में ही 10 मौतें और 1060 नए मरीज मिले हैं। अब तक जिले में जहां 729 मरीजों की जान गई। वहीं 37115 संक्रमित मरीजों में 33693 मरीज ठीक होकर घर लौटे। शुक्रवार रात को 4684 टेस्ट में से 4153 की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिले में अभी 2693 एक्टिव मरीज हैं। अब तक 1 लाख 52 हजार 731 रैपिड एंटीजन सैंपल लिए जा चुके हैं, जबकि 4 लाख 61 हजार 786 सैंपलों को जांचा जा चुका है।