Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भिंडएक दिन पहले
- कॉपी लिंक
प्रतीकात्मक फोटो
राष्ट्रीय मानकों के आधार पर जिला अस्पताल की सेवाओं और सुविधाओं का आंकलन करने के लिए शुक्रवार को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) की तीन सदस्यीय टीम सुबह 10 बजे अस्पताल पहुंची। यह टीम दो दिन तक जिला अस्पताल का निरीक्षण करेगी। पहले दिन शुक्रवार को टीम के सदस्यों ने अस्पताल के 10 विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल के सभी डॉक्टर पीपीई किट पहने हुए दिखाई दिए, साथ ही सभी व्यवस्थाएं भी चकाचक कर दी गई थीं।
इस दौरान टीम ने अस्पताल प्रबंधन को मूलभूत सुविधाओं में कुछ सुधार के सुझाव दिए।गौरतलब है कि शुक्रवार को क्वालिटी कंसलटेंट भोपाल डॉ. विवेक मिश्रा, क्वालिटी कंसलटेंट उज्जैन डॉ. विवेक जिनवाल और क्वालिटी कंसलटेंट सिस्टर उज्जैन डॉ. विजय लक्ष्मी जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची। टीम ने निरीक्षण करने से पहले अस्पताल के सभी 19 विभागों के डॉक्यूमेंट देखे।
जिसके बाद उन्होंने लेबर रूम, ओपीडी, फार्मेसी, पैथोलॉजी, ब्लड बैंक, एनआरसी सहित कुल 10 विभागों का निरीक्षण किया।दवा वितरण केंद्र पर टीम ने कर्मचारियों से पूछा कि जब दवाएं एक्सपायर हो जाती हैं तो उन दवाओं का आप क्या करते हो। कर्मचारियों ने बताया कि केंद्र पर रखी जो दवा एक्सपायर होने वाली होती है। उसको 14 से 15 दिन पहले हटा दिया जाता है।
नर्स जवाब देने में घबराई तो टीम ने दिया दिलासा
निरीक्षण के दौरान जब टीम के सदस्यों ने इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर मौजूद नर्स से दवाइयों से जुड़े हुए कुछ सवाल पूछे तो नर्स सवाल का जबाव हड़बड़ाहट में दिया। नर्स को घबराया हुआ देख टीम सदस्यों और सिविल सर्जन डॉ. अनिल गोयल ने नर्स को बिना घबराए आराम से जबाव देने के लिए कहा। जिसके बाद नर्स ने आराम से जबाव दिया।