Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नागदा15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
प्रकाश नगर में माता-पिता की स्मृति में एक परिवार द्वारा इच्छापूर्ण महादेव मंदिर की छत पर लगवाई गई 11 फीट ऊंची शिव प्रतिमा का सोमवार को लोकार्पण हुआ। प्रतिमा के सिर पर विराजित गंगाजी से बहती जल की धारा ने प्रतिमा की खूबसूरती को बढ़ा दी। बड़ी संख्या में लोग यहां प्रतिमा के दर्शन के लिए पहुंचे। दर्शन के साथ ही उपस्थित लोगों ने माता-पिता की सेवा का भी संकल्प लिया।
प्रकाश नगर गली नंबर-4 स्थित इच्छापूर्ण महादेव मंदिर की छत पर पवन, मनोज व सूरज जाट ने अपने पिता भेरूलाल जाट एवं माता संपतबाई जाट की स्मृति में यह प्रतिमा स्थापित करवाई है। वर्ष 1997 में जब इच्छापूर्ण महादेव मंदिर बना था तो भेरूलाल जाट ने ही इस मंदिर को बनवाने में सहयोग किया था। 2019 में उनका निधन हो गया।
इसके बाद उनके तीनों पुत्रों ने इसी मंदिर की छत पर एक विशाल प्रतिमा बनवाने का निर्णय लिया। इससे लोग ईश्वर रूप में दर्शन के साथ ही अपने माता-पिता का भी स्मरण कर सके। सोमवार सुबह 11.30 बजे पूजन, अभिषेक कर प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। विधायक दिलीपसिंह गुर्जर व जाट परिवार के सदस्यों सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का लोकार्पण किया। इसके बाद महाप्रसादी का वितरण भी किया गया।
इस मौके पर भाजपा नेता सुल्तान सिंह शेखावत, राजेश धाकड़, कांग्रेस नेता सुबोध स्वामी, एसडीएम आशुतोष गोस्वामी, सीएसपी मनोज रत्नाकर, मंडी थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, बिरलाग्राम थाना प्रभारी हेमंतसिंह जादौन, डॉ. सुनील चौधरी, डॉ. अनिल दुबे सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
हर मौसम का फाइबर की मूर्ति पर नहीं होगा कोई असर
इंदौर से इस प्रतिमा को बनवाया गया। पवन जाट ने बताया इस प्रतिमा को बनवाने में 8 महीने का समय लगा। फाइबर की इस प्रतिमा पर किसी भी मौसम का असर नहीं होगा। प्रतिमा में शिव की जटा पर गंगाजी को भी विराजित किया गया है।
इसमें से नियमित जल की धारा प्रवाहित होती रहेगी। प्रतिमा के नीचे ही एक टैंक बनाया है, जिससे पानी का रोटेशन भी चलता रहेगा। प्रतिमा पर विद्युत सज्जा भी की गई है, ताकि रात में भी लोग दर्शन कर सके। रेलवे लाइन के नजदीक होने से ट्रेन में बैठे यात्रियों को भी इस प्रतिमा के दूर से ही दर्शन हो सकेंगे।