Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भिंड4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
शिखर पर कलश चढ़ाने के लिए लेकर जाते हुए श्रद्घालु ।
- गणाचार्य विराग सागर के सानिध्य में परेड जैन मंदिर में तीन दिवसीय कलशारोहण महोत्सव का समापन
शहर के परेड जैन मंदिर में तीन दिवसीय कलशारोहण महोत्सव के अंतिम दिन बुधवार को मंदिर के शिखर पर गणाचार्य विराग सागर महाराज के मार्गदर्शन में विधिविधान से कलशारोहण कराया गया। इस दौरान मंदिर के शिखर पर सोने की परत चढ़े 13 कलश चढ़ाए गए। गौरतलब है कि परेड जैन मंदिर में चल रहे शिखर कलशारोहण कार्यक्रम के अंतिम दिन बुधवार को सुबह 7 बजे सैकड़ों श्रद्घालु पहुंचे। सर्व प्रथम उन्होंने गणाचार्य विराग सागर ससंघ के सानिध्य में भगवान चंद्रप्रभु और आदिनाथ का शांतिधारा अभिषेक किया।
जिसके बाद मंदिर के शिखर पर क्रमशः अष्टधातु के 13 कलश चढ़ाए। इस दौरान मंदिर में गणाचार्य विराग सागर महाराज से त्यागी वृत्तियों के लिए भोजनशाला के लिए सकल जैन समाज ने आशीर्वाद मांगा। जिसकी महाराज ने सहज स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि यह बहुत नेक कार्य है। मंदिर अध्यक्ष पदमचंद जैन ने भक्ति मार्ग पर चलने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में श्रद्घालुओं ने पदमचंद जैन की गोद भरी।
कार्यक्रम में माताजी का हुआ पिच्छिका परिवर्तन
शिखर कलशारोहण कार्यक्रम में गणाचार्य विराग सागर महाराज की शिष्या क्षुल्लिका विजिताश्री ,क्षुल्लिका विश्वसिद्धि माताजी का पिच्छिका परिवर्तन किया गया। इस दौरान दोनों माताजी को श्रद्घालुओं ने नवीन पिच्छी सौंपी। वहीं पुरानी पिच्छिका संजय कुमार जैन और सुनील कुमार जैन को प्राप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भजन गाते दिखाई दिए।