Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
खरगोन4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- भाकिसं ने बैठक में बनाई रणनीति, निमाड़ के प्रतिनिधि भी शामिल
भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत की धामनोद बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार हुई है। 15 दिसंबर को खलघाट में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग व छैगांवमाखन में इंदौर इच्छापुर हाईवे को निमाड़ के 5 जिलों के किसान जाम करेंगे। इस बैठक में साफ तौर पर तय हुआ है कि कपास उत्पादक निमाड़ क्षेत्र में भारतीय कपास निगम कपास की शत प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी करे। इसके अलावा दो साल से खराब हो रही मिर्च फसल का सर्वे व मुआवजा दिया जाए। किसानों को उपज का कम भाव मिलने पर भी चिंता जताते हुए सभी फसलों का समर्थन मूल्य तय करने की भी मांग का प्रस्ताव पारित हुआ। भारतीय किसान संघ जिलाध्यक्ष श्यामसिंह पंवार ने बताया प्रांत अध्यक्ष कमल आंजना, प्रांत महामंत्री, प्रदेश मंत्री दिनेश पाटीदार व निमाड़ क्षेत्र अध्यक्ष नारायण यादव की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें प्रांत उपाध्यक्ष दयारामजी, रेवाराम भायड़िया, संभागीय प्रतिनिधि अतुल माहेश्वरी सहित निमाड़ क्षेत्र के खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, मनावर, धार जिले के किसान संघ पदाधिकारी शामिल हुए।
दोनों आंदोलन : शामिल होंगे जिले के किसान
जिले के किसान दोनों जगह के आंदोलनों में शामिल होंगे। खलघाट आंदोलन में धार व बड़वानी जिलों के अलावा जिले की 6 तहसील भगवानपुरा, गोगावां, सेगांव, महेश्वर, खरगोन व कसरावद के किसान शामिल हाेंगे। छैगांवमाखन आंदोलन में खंडवा व बुरहानपुर जिलों के अलावा जिले की झिरन्या, बड़वाह, सनावद, भीकनगांव तहसीलों के किसान शामिल होंगे।
इसलिए निर्णय…
मिर्च : 500 करोड़ मुआवजा बाकी, नहीं हुआ सर्वे
जिले के किसान प्रतिनिधियों ने बताया जिले में 2019 में भारी बारिश से मिर्च फसल बर्बाद हो गई। सर्वे बाद प्रकरण तैयार हुए। कुछ राशि किसानों को मिली, लेकिन अभी भी 500 करोड़ का मुआवजा बाकी है। इस साल भी बारिश के कारण 25 हजार हैक्टेयर से ज्यादा रकबे में मिर्च फसल खराब हुई। जिला प्रशासन ने दल बनाकर सर्वे कराने का दावा किया लेकिन किसानों को कुछ भी राहत नहीं दी गई।