Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
होशंगाबाद17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- भारी वाहनों की नो एंट्री का नोटिफिकेशन डेढ़ साल से अधर में
6 जुलाई 2019 को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में तय किया गया था कि शहर में भारी वाहनों की 24 घंटे नो एंट्री रहेगी। डेढ़ साल हो गया, नोटिफिकेशन अधर में है। नतीजा यह है कि शाम ढलते ही रेत से भरे डंपर शहर के बीच से निकलना शुरू हो जाते हैं। जैसे जैसे अंधेरा बढ़ता है स्पीड बढ़ती चली जाती है। अभी भारी वाहनाें के शहर में प्रवेश के लिए सुबह 8 से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित हैं। रात 10 बजे के बाद भारी वाहनों का ट्रैफिक बढ़ता है।
समय और डीजल की बचत के लिए पिपरिया की ओर से भाेपाल व अन्य स्थान पर जाने वाले 5 किमी दूरी शहर के बीच से तय करते हैं। इधर दिसंबर 2019 में नोटिफिकेशन लागू करने का निर्णय लिया गया। तब टल गया। 21 अक्टूबर 2020 काे कलेक्टर धनंजय सिंह और एसपी संताेष सिंह गाैर ने फिर निर्देश दिए। डीएसपी अारसी गुप्ता ने फाइल कलेक्टर कार्यालय में भेज दी। 47 दिन हाे चुके हैं। नाेटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।
यह होना था निर्णय
भारी वाहनाें का शहर में 24 घंटे प्रवेश बंद रखा जाएगा। उन्हीं वाहनाें काे एंट्री दी जाएगी, जिनके पास शहर में सामान उतारने के लिए बिल्टी हाेगी। काेई वाहन बिना बिल्टी के शहर में प्रवेश करेगा ताे उस पर 5000 रु. जुर्माना लगाया जाएगा।
यह हैं नुकसान : आए दिन हादसों में लोग जान गंवा रहे हैं, सड़कें खराब हाे रही हैं, सड़क के दाेनाें अाेर रेत फैलती है, जिससे बाइक फिसलती हैं।
शहर में हुए बड़े हादसे
- पीएचई ऑफिस के पास डंपर ने पीएचई के लिपिक को अलसुबह कुचल दिया था।
- इंदिरा चौक पर जूता-चप्पल दुकान चलाने वाले विजय माखिजा की बेटी को नर्मदा कॉलेज के सामने डंपर ने कुचल दिया था।
- नर्मदा कॉलेज के पास वाले ओवरब्रिज पर व्यापारी के पिता की स्कूटर को डंपर ने टक्कर मारी थी, उनकी मौत हो गई थी।
भास्कर ने ऐसे नापी रफ्तार
रात 11.01 बजे चक्कर राेड से लेकर रेत से भरा डंपर निकला। भास्कर रिपोर्टर ने समय नोट कर भाेपाल तिराहे पर खड़े फोटो जर्नलिस्ट को मोबाइल पर जानकारी व फोटो दिया। भोपाल चौराहे पर 11.08 बजे यह डंपर पहुंच गया। यानी सिर्फ 7 मिनट में। गूगल मेप ने यह फासला 3.8 किमी दिखाया। डंपर ने 3.8 किमी चलने में 7 मिनट लिए। इस तरह रफ्तार 33 किमी प्रति घंटा होती है।
ट्रैफिक पुलिस से हमने जानकारी मांगी है किस-किस समय पर भारी वाहनों का ट्रैफिक रहता है। जानकारी आने के बाद नोटिफिकेशन जारी करेंगे।
-भारती मेरावी, एसडीएम होशंगाबाद
धारा 133 में प्रारंभिक आदेश किए हैं। मरम्मत के लिए भी कहा है। एकदम से प्रतिबंधित करने से अन्य रोड पर ट्रैफिक बढ़ जाएगा। चरणबद्ध तरीके से पाबंदी लगाई जाएगी।
-आदित्य रिछारिया, एडीएम