Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कृषि कानून के विरोध में 12 दिन से दिल्ली में किसान आंदोलन कर रहे हैं।
देशभर में चल रहे कृषि कानून के विरोध में किसान आंदोलन का इंदाैर सहित पूरे मध्य प्रदेश में ज्यादा असर नहीं है। हालांकि कुछ संगठनों ने जरूर कानून में संशोधन की मांग उठाते हुए मंगलवार को किसानों के देशव्यापी आंदोलन काे समर्थन दिया है। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने तेजाजी नगर, एमजी रोड होते हुए रीगल चौराहे तक किसान रैली निकालने की बात कही है। हालांकि ऐसी जानकारी है कि इंदौर की सभी मंडी आम दिनों की तरह ही खुली रहेंगी। आंदोलन के समर्थन में जहां आम आदमी पार्टी दोपहर में राजबाड़ा पर प्रदर्शन करेगी। वहीं, कांग्रेस सुबह चोइथराम मंडी बंद करवाले पहुंचेगी।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के मीडिया प्रवक्ता ने आशीष भैरम ने बताया कि सरकार एवं किसानों के बीच पांच दौर की बातचीत के बाद भी सहमति नहीं बन पाई है। इसका सिर्फ यही कारण है कि सरकार किसानों की मांगे नहीं मानना चाह रही है। देश का अन्नदाता सरकार से उपज की खरीदी की गारंटी चाह रहा है। किसी भी व्यापारी द्वारा एमएसपी से कम पर किसानों की फसल ना खरीदी जाए, के लिए एक कानून मांग की जा रही है। साथ ही तीनों कानूनों को रद्द करने की मांग भी की जा रही है।
सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। इसी को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ मध्य प्रदेश के सभी जिलों में रैली निकालकर व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की जाएगी। इंदौर में भी रैली निकालकर व्यापारियों से किसानों के हितों की रक्षा के लिए किसानों के साथ आकर अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की जाएगी।
ऐसा है रैली का रूट
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के जिला अध्यक्ष राज कुमार पाटीदार ने बताया कि किसान रैली तेजाजी नगर चौराहा से 11 बजे शुरू होगी। जो भंवरकुआं से चोइथराम मंडी चौराहा, राजेंद्र नगर ब्रिज होते हुए राऊ पहुंचेगी। राऊ से वापस राजेंद्र नगर ब्रिज, अन्नपूर्णा रोड, महू नाका गंगवाल बस स्टेशन, लबरिया भेरु चौराहा, एमजी रोड से राजवाड़ा होते हुए रीगल चौराहा पहुंचेगी। यहां से रीगल चौराहा से पलासिया, एमवाय चौराहा से नौलखा, भंवरकुआं और भंवर कुआं से आईटी पार्क चौराहा होते हुए तेजाजी नगर पर पहुंचकर समाप्त होगी।