- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain
- Big Conspiracy To Save The Arrested Accused Of Rape, Fellow Policeman Gave His Sperm And Blood Sample For DNA
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
कमल चौहान । उज्जैन13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
प्रतीकात्मक फोटो
- जिला अस्पताल के डॉक्टरों को शंका हुई तो एसपी को की शिकायत
पुलिस भर्ती की तैयारी कर युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो साथी पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने के लिए डीएनए ही बदलने की साजिश रच डाली। जिला अस्पताल में मेडिकल के दौरान आरोपी आरक्षक की बजाय साथी पुलिसकर्मी ने अपना स्पर्म (वीर्य) व ब्लड सेंपल प्रिजर्व करवा दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों को शंका हुई तो यह चालाकी पकड़ में आई। जिसके बारे में तत्काल एसपी को अवगत कराया गया।
पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक अजय अस्तेय को सार्थकनगर निवासी युवती द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने के बाद केस दर्ज करते हुए पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया था। अगले दिन नीलगंगा पुलिस आरोपी आरक्षक को मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल ले गई। यहां आरक्षक के परिचित तीन पुलिसकर्मी भी पहुंच गए।
इनमें महिला थाने का आरक्षक व दो पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक शामिल थे। इसमें से एक ने मेडिकल के दौरान अस्पताल में चालाकी दिखाते हुए अजय के स्पर्म की बजाय खुद का स्पर्म व ब्लड डीएनए प्रोफाइल के लिए दे दिया। जिला अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मचारी व डॉक्टरों को इसकी शंका हुई जिसे लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सूचित कर अवगत कराया है।
आरोपी के ब्लड व स्पर्म से पीड़िता की स्लाइड का होता है डीएनए मिलान
दुष्कर्म के मामले में पुलिस पीड़िता की वेजाइना स्लाइड डीएनए सेंपल के लिए लेती है। दुष्कर्म करने वाले आरोपी का ब्लड व स्पर्म लिया जाता है। जिसे डॉक्टर व एफएसएल की मदद से ड्राफ्ट बनाकर डीएनए मिलान के लिए भोपाल भेजते है। ऐसे में अगर कोई गड़बड़ी कर ब्लड सेंपल व स्पर्म बदल दे तो फिर वह पीड़िता की स्लाइड से मेच नहीं होगा और इस तरह दुष्कर्म करने वाला आरोपी बच जाएगा।
गड़बड़ी पता चली, जांच करवा रहे
दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किए आरक्षक का मेडिकल कराने के दौरान साथी पुलिसकर्मियों द्वारा स्पर्म व ब्लड सेंपल बदलने की साजिश की गई। इस बारे में अस्पताल से ही जानकारी पता चली है जिसमें जांच कर वास्तविकता पता करवाई जा रही है। किसी पुलिसकर्मी ने इस तरह की बदमाशी की है तो वे सजा पाएंगे।
सत्येंद्र कुमार शुक्ल, एसपी उज्जैन