बोर्ड परिणाम सुधार: 14 तारीख से नियमित लगेगी 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं

बोर्ड परिणाम सुधार: 14 तारीख से नियमित लगेगी 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

बुरहानपुर5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
  • अभी सिर्फ आंशिक कक्षाएं ही लग रही, स्कूलों में कमरों की संख्या के आधार पर करेंगे तैयारी

बोर्ड परीक्षा में परिणाम सुधारने के लिए 14 दिसंबर से 9वीं से 12वीं की कक्षाएं नियमित लगाई जाएंगी। बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ने लगी है। बोर्ड परीक्षा हर साल की तरह मार्च के पहले सप्ताह में होगी। इससे पहले विद्यार्थियों की तैयारी करवाना है। ताकि 10वीं व 12वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम बेहतर आ सके। नियमित कक्षाएं लगाने के लिए शासन ने निर्देश दे दिए हैं।

मार्च में कोरोना संक्रमण के कारण 10वीं व 12वीं की परीक्षा में 2 से 3 विषयों के पेपर स्थगित करना पड़े थे। संक्रमण कम होने पर शेष पेपर करवाए गए थे। इसके बाद ही इनका रिजल्ट घोषित हो पाया था। नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के बाद भी अब तक स्कूल बंद हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। हालांकि सरकारी स्कूलों में भी ऑनलाइन पढ़ाई कराई गई है लेकिन सभी विद्यार्थियों के पास मोबाइल नहीं होने और गांवों में नेटवर्क की समस्या के कारण उनकी पढ़ाई नहीं हो पाई।

बाद में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए दो महीने पहले शासन ने पालकों की सहमति से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल में शिक्षकों से मार्गदर्शन के लिए आने की छूट दी थी। इसके बाद कुछ विद्यार्थी स्कूल आकर मार्गदर्शन ले रहे हैं लेकिन नियमित पढ़ाई नहीं होने से उनका कोर्स पूरा नहीं हो पा रहा है।

स्कूलों में ऐसे लगेंगी कक्षाएं
शासन के नए आदेश के अनुसार 10वीं और 12वीं की कक्षाएं पूरे सप्ताह नियमित रूप से लगेगी। 9वीं और 11वीं की कक्षाएं स्कूल में स्थान होने की स्थिति में सप्ताह में 2 से 3 दिन ही लगेगी। इस तरह सभी कक्षाओं की पढ़ाई होगी। जितने कक्षों में कोविड गाइडलाइन अनुसार विद्यार्थी बैठ पाएंगे, उतनी कक्षाएं लगेगी। शासन ने कोरोना संक्रमण के चलते मार्च तक सरकारी प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए हैं। संभवतः अब ये स्कूल 1 अप्रैल से ही शुरू हो सकेंगे। हालांकि ‘अपना घर-अपना विद्यालय’ व अन्य योजनाओं के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई जारी रहेगी।

रिक्त पदों पर रखेंगे अतिथि शिक्षक
बोर्ड परीक्षाओं के लिहाज से विद्यार्थियों की तैयारी करवाने के लिए स्कूल में रिक्त शिक्षकों के पदों को भरने के लिए अतिथि शिक्षक रखे जाएंगे। शासन से अतिथि शिक्षक रखने की अनुमति मिलने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने इसको लेकर प्रयास शुरू कर दिए हैं।

14 से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं
^10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में रिजल्ट सुधारने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। 9वीं से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं लगाकर कोर्स पूरा कराया जाएगा। 14 दिसंबर से नियमित कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
रविंद्र महाजन, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, बुरहानपुर



Source link