सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों को तीन बातों पर ध्यान रखने का निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने कहा कि मंत्री इनोवेटिव आइडियाज (Innovative Ideas) पर काम करें. मंत्री की लीडरशिप में सभी विभाग कुछ इनोवेटिव आइडियाज निकालें और उनपर अमल करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सोमवार को मंत्री विभागीय बैठक में विभागीय प्रगति की समीक्षा करें. मंत्री तीन बातों का ध्यान रखें. मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोडमैप तैयार है, उस पर काम शुरू हो गया है. सभी मंत्री इस पर तेजी से अमल सुनिश्चित करें तथा इसकी निरंतर मॉनिटरिंग हो. कोरोना के कारण प्रदेश में वित्तीय संकट है, ऐसे में विभागीय निर्माणकार्यों के लिए “आउट ऑफ बजट” राशि की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें. मंत्री केंद्र की विभिन्न योजनाओं में मध्यप्रदेश को अधिक से अधिक राशि प्राप्त हो, इसके लिए प्रयास करें. केंद्र सरकार के संपर्क में रहें, जरूरत हो तो दिल्ली भी जाएं.
कैबिनेट में हुए अहम फैसले
कैबिनेट में ग्रामीण क्षेत्रों की सर्वे परियोजना को स्वीकृति दी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे सभी ग्रामों के राजस्व अभिलेख अद्यतन हो जाएंगे. कैबिनेट द्वारा भोपाल इंदौर मेट्रो रेल परियोजना को भूमि अधिग्रहण संबंधी मंजूरी दी गई. भोपाल एवं इंदौर मेट्रो क्षेत्र को मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र घोषित किए जाने के बाद अब इसके लिए भूमि का अधिग्रहण “मेट्रो अधिनियम 1978” के अंतर्गत किया जाएगा.मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे भू धारकों को भूमि का बेहतर मुआवजा मिल सकेगा. वहीं भूमि पर गुमटी आदि लगाने वालों को भी मुआवजा मिलेगा.
कैबिनेट में गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल और शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों की पुनरीक्षित राशि की स्वीकृति प्रदान की गई. कोविड काल में बीयर बारों को निर्धारित न्यूनतम शुल्क में छूट, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम को कुछ सड़कों पर यूजर फ्री टोल प्लाजा शुरू करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई.