Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गोपाल मंदिर चौक पर रैली के रूप में निकले कांग्रेस नेताओं की पुलिस के साथ कहासुनी हुई।
कृषि कानून के विरोध में मंगलवार को भारत बंद के आह्वान का समर्थन करने वाले कांग्रेसी शहर बंद कराने के लिए सड़कों पर उतरे, मगर इसका आंशिक असर ही देखने काे मिला। नए और पुराने शहर में दोपहर तक बाजार खुल गए। पुराने शहर में असमंजस में रहे व्यापारियों नया शहर खुला होने की खबर लगते ही उन्होंने 11 बजे प्रतिष्ठान खोल लिए। पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर्स सहित आवश्यक दैनिक उपयोग की चीजों पर बंद का प्रभाव नहीं हुआ।
कांग्रेस कार्यकर्ता क्षीरसागर स्थित कार्यालय से सुबह 9 बजे शहर बंद कराने के लिए जिलाध्यक्ष कमल पटेल, शहर अध्यक्ष महेश साेनी के नेतृत्व में वाहन रैली के रूप में निकले। देवासगेट व गोपाल मंदिर चौक में पुलिस बल से कहासुनी भी हुई। इतने बड़े शहर में नाममात्र के कार्यकर्ता ही बंद कराते नजर आए। नतीजा पुलिस के आगे कांग्रेसियों का जोर नहीं चला।
कुल मिलाकर शहर में बंद बेअसर रहा। पार्टी प्रवक्ता विवेक सोनी ने अनुसार गोपाल मंदिर पर एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान डॉ. बटुकशंकर जोशी, योगेश शर्मा, चेतन यादव, जयसिंह दरबार, रवि राय आदि मौजूद थे।
मंडी में बंद आंशिक असर, कम रही उपज की आवक
कृषि उपज मंडी में किसान कम मात्रा में उपज लेकर आए। मंगलवार सुबह किसानों ने मंडी गेट पर प्रदर्शन किया। उपज लेकर आए किसानों को समझाया। इसके बाद किसान उपज लेकर लौट गए। मंडी सचिव ने बताया अनाज के साथ फल, सब्जी मंडी में नीलामी जारी थी, हालांकि आवक कम रही। किसान यूनियन के यतीश जाट, भगवानसिंह सोलंकी ने बताया कुछ किसान जिन्हें बंद के बारे में पता नहीं था, वे अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच गए थे। सुबह मंडी गेट पर उन्हें समझाइश देकर लौटा दिया।
बैंक का समर्थन : किसानों के समर्थन में ऑल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन ने नैतिक समर्थन दिया। अध्यक्ष यूएस छाबड़ा ने बताया बैंक के अलावा एलआइसी, बीएसएनएल और ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधियों ने ट्रेड यूनियन काउंसिल के बैनर तले समर्थन किया।
सीटू व हम्मालों ने भी किया प्रदर्शन
बंद को सीटू और हम्मालों ने भी समर्थन दिया। सीटू के शैलेंद्रसिंह ठाकुर और मप्र हम्माल पल्लेदार तुलावटी एकता फेडरेशन के राम त्यागी ने इसे काला कानून बताया। साथ ही इसे वापस लेने के लिए मंडी में प्रदर्शन भी किया।
637 क्विंटल अनाज की आवक
कृषि मंडी में मंगलवार को 637 क्विंटल किसान लेकर आए। इनमें 192 क्विंटल गेहूं जिसके भाव क्वालिटी अनुसार 1438 से 1641 रुपए क्विंटल रहे। 5 क्विंटल चना, इसके भाव 5401 रुपए क्विंटल रहे और 440 क्विंटल सोयाबीन की आवक हुई। इसी तरह थोक सब्जी मंडी में 30 कटटे आलू, 150 कटटे प्याज व 60 कटटे लहसुन की आवक हुई।