महापौर पद अजा महिला के लिए आरक्षित: कांग्रेस से सोलंकी, चौधरी, कथूरिया आगे, भाजपा से गुड्‌डीबाई, मीना, मुंशीलाल की बहू सहित कई दावेदार

महापौर पद अजा महिला के लिए आरक्षित: कांग्रेस से सोलंकी, चौधरी, कथूरिया आगे, भाजपा से गुड्‌डीबाई, मीना, मुंशीलाल की बहू सहित कई दावेदार


  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • Morena
  • Several Contenders Including Solanki, Chaudhary, Kathuria Ahead Of Congress, Guddebai, Meena, Munshilal’s Daughter in law From BJP

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

मुरैना13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

प्रतीकात्मक फोटो

  • अजा नेता पत्नियों के नाम पर आजमाएंगे किस्मत, सामान्य-ओबीसी वर्ग के दावेदारों को झटका

नगर निगम मुरैना में महापौर पद इस बार अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हो गया। निगम बनने के बाद यह दूसरा चुनाव होगा। इससे पहले यह सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित थी और पांच बार के पूर्व सांसद अशोक अर्गल मेयर चुने गए थे। अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए सीट आरक्षित होने से अर्गल का खुद का पत्ता साफ हो गया। हालांकि उन्होंने खुद भी कह दिया है कि इस बार हमारे परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा। बाकी पार्टी का जो आदेश होगा, देखा जाएगा। इस बार सामान्य वर्ग के दावेदारों की उम्मीदें धूमिल हो गईं, जो महापौर बनने का सपना संजो रहे थे। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग के नेता अपनी पत्नियों के भरोसे किस्मत आजमाएंगे। उपचुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनने के बाद महापौर पद के लिए भाजपा के दावेदारों की सूची भी लंबी है।

जनवरी में हो सकते हैं चुनाव
प्रदेशभर में नगरीय निकायों के चुनाव कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। निगम, नगरपालिका व नगर पंचायतों के वार्डों का आरक्षण तो पहले ही हो चुका था। महापौर, अध्यक्ष पद की सीटों का आरक्षण बुधवार को भोपाल में हो गया। इसके साथ ही निकाय चुनावों की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। चर्चा है कि जनवरी महीने में नगरीय निकाय के चुनाव संपन्न हो जाएंगे।

निकायवार जानिए, भाजपा-कांग्रेस से यह नेता खुद व पत्नियों के लिए मांगेंगे टिकट
1. ननि मुरैना: अनुसूचित जाति महिला

भाजपा: भाजपा से अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राकेश खटीक पूर्व में जिप अध्यक्ष रह चुकी अपनी पत्नी गुड्‌डीबाई के लिए टिकट मांग रहे हैं। इसी प्रकार भाजपा अजा मोर्चा से 2 बार जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ पार्षद रह चुके मुकेश जाटव अपनी पत्नी मीना जाटव, पूर्व मंत्री मुंशीलाल अपनी पुत्रवधु के लिए तथा 2010 में भाजपा से नपाध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके हरिप्रसाद खटीक अपनी पत्नी के लिए पार्टी फोरम पर टिकट देने की पैरवी करेंगे।

कांग्रेस: पूर्व सांसद बाबूलाल सोलंकी अपने छोटे भाई राजेंद्र सोलंकी की पत्नी शारदा सोलंकी को चुनाव लड़ाने की तैयारी में जुटे हैं। शारदा वर्तमान में मंडी सदस्य के साथ महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव भी हैं। शारदा के पति राजेंद्र नगर निगम में कांग्रेस के टिकट से महापौर का चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा बसपा के वरिष्ठ नेता पीपी चौधरी की पुत्रवधु अनीता चौधरी भी टिकट की दावेदार हैं। वहीं पूर्व नपाध्यक्ष राजेश कथूरिया अपनी पत्नी सुनीता कथूरिया के लिए टिकट की पैरवी करेंगे।

2. नगरपालिका जौरा: सामान्य
भाजपा: वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष ऊषा सिंघल के पति सुनील सिंघल इस बार भाजपा से अपनी किस्मत आजमाएंगे। वर्तमान में भाजपा के मंडल महामंत्री भी हैं। इसके अलावा सिंधिया समर्थक कैलाश मित्तल भी दावेदारों में शामिल हैं। इनकी पत्नी शारदा मित्तल पूर्व में अध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं भाजपा के मंडल अध्यक्ष पंकज गुप्ता, पूर्व नपाध्यक्ष बृजमोहन बंसल, भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक राधामोहन शर्मा व भाजपा मंडल के कोषाध्यक्ष अनिल गुप्ता भी टिकट के दावेदारों की कतार में हैं।

-कांग्रेस: वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेंद्र भर्रा टिकट के दावेदार हैं। इनकी मां चंद्रादेवी पहले नगरपालिका अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष मदनमोहन भारद्धाज, छविराम शर्मा ठेकेदार तथा कांग्रेस नेता विनोद शर्मा बल्लू भी कांग्रेस से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। इसके अलावा रविंद्र सिकरवार सिकरौदा भी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। रविंद्र वर्तमान में कांग्रेस के पदाधिकारी हैं व राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं।

3. नपा अंबाह: सामान्य महिला
भाजपा: नगर निगम मुरैना के बाद अंबाह नपा की सीट दूसरी सबसे संवेदनशील सीट है। सामान्य महिला होने के बाद भाजपा से इस सीट पर सिंधिया समर्थक पूर्व नपाध्यक्ष जिनेश जैन अपनी पत्नी अंजलि जैन, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष कविंद्र तोमर की पत्नी पूर्णिमा तोमर, भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष रहे गिर्राज चौधरी की पत्नी गीता, रामा सुरेश समाधिया, जया प्रदीप शर्मा, गुड्‌डी महावीर शर्मा, सुमन गिर्राज तिवारी, जया प्रदीप शर्मा दावेदारों में शुमार हैं।

कांग्रेस: पूर्व अध्यक्ष मंजू मधुराज तोमर इस बार दोबारा कांग्रेस से दावेदारी कर रही हैं। कांग्रेस के जिला महामंत्री व पार्षद रहे बंटी गुधैनियां अपनी पत्नी बृजेश गुधैनियां के लिए टिकट मांगने की तैयारी में हैं। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. अनिल पचौरी की पत्नी सुमन, अंबाह के वर्तमान पार्षद विजय परमार की पत्नी शकुंतला परमार, कांग्रेस के सक्रिय नेता विमल की पत्नी व पूर्व पार्षद साधना जैन, युवक कांग्रेस नेता अंकित उपाध्याय की पत्नी भावना जैन टिकट की संभावित दावेदार हैं।

4. नपा पोरसा: सामान्य पुरुष
भाजपा: पोरसा नपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए आनंद सिंह तोमर चुनाव लड़ने के लिए पहले से तैयारी कर रहे हैं। मंडी सदस्य के रूप में चुनने के बाद मंडी अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता, मंडल कार्यकारिणी में पदाधिकारी रह चुके दिनेश शर्मा व जिला उपाध्यक्ष रह चुके वरिष्ठ भाजपा नेता मुन्ना सिंह तोमर भी टिकट के दावेदारों में शुमार हैं।

कांग्रेस: पोरसा में कांग्रेस के दावेदारों में अभी सिर्फ 2 संभावित नाम सामने आए हैं। इनमें पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रह चुके राधेश्याम तिवारी तथा ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी रह चुके अजय कटारे दावेदारों में प्रमुख हैं। हालांकि वर्तमान में कांग्रेस में कमलनाथ समर्थकों का दबदबा है और यहां अधिकांश वरिष्ठ कांग्रेसी दिग्गी समर्थक हैं या सिंधिया के समर्थक।

5. नपा सबलगढ़: ओबीसी
भाजपा: 1998 में नपाध्यक्ष, भाजपा के जिलामंत्री व मंडल अध्यक्ष जैसे पदों पर रहे दर्शन सोनी यहां से चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके हैं। इसके अलावा पूर्व नपाध्यक्ष बृजमोहन धाकड़, 2 बार के पार्षद रहे सोनेराम धाकड़, बजरंग व भाजपा जैसे संगठनों में लंबे समय से काम कर रहे राजू सोनी, वार्ड नंबर 3 से पार्षद रहे कमलेश शिवहरे इस बार नगरपालिका अध्यक्ष पद के टिकट की दावेदारी करने वालों में चर्चित नाम हैं।

कांग्रेस: नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की ओर से विधायक बैजनाथ कुशवाह के अति निकटस्थ माने जाने वाले राजू कुशवाह, वर्तमान में विधायक प्रतिनिधि श्रीपत प्रजापति टिकट के मजबूत दावेदार हैं। इसके अलावा पार्षदी का चुनाव लड़ चुके गोपाल सोनी, संगठन में लंबे समय से काम कर रहे सतेंद्र धाकड़ यहां से अध्यक्ष पद के लिए टिकट मांग रहे हैं।

6. नगर परिषद कैलारस: सामान्य
भाजपा:
सामान्य महिला से सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हुई हुए निकाय से वर्तमान अध्यक्ष अंजना बंसल के पति व वरिष्ठ भाजपा नेता बृजेश बंसल सशक्त दावेदार हैं। इसके अलावा वर्तमान में कैलारस मंडल के अध्यक्ष व पार्षद रह चुके राजू गुप्ता, पूर्व नपा उपाध्यक्ष व 2 बार के पार्षद कुलदीप सिंह टिकट के दावेदारों में शुमार हैं।
कांग्रेस: ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व में नपा अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके लक्ष्मीनारायण दुबे, 3 बार के पूर्व पार्षद व नपा उपाध्यक्ष नंदकिशोर शर्मा, पूर्व जनपद सदस्य सुरेश उपाध्याय यहां से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके हैं।

नोट: माकपा के प्रभाव वाली इस सीट पर वरिष्ठ नेता अशोक तिवारी भी दावेदार हैं। तिवारी एक बार खुद व 2 बार इनकी स्व. पत्नी प्रतिभा तिवारी अध्यक्ष रह चुकी हैं।

7. नगर परिषद बानमोर: अजा
भाजपा: अनुसूचित जाति महिला वर्ग से अजा वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर भाजपा से वर्तमान अध्यक्ष विमला देवी के पति भगवान सिंह व पूर्व पार्षद दशरथ अटारिया सबसे सशक्त दावेदारों में शामिल हैं।
कांग्रेस: पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कमल राजे भी इस बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। उनके अलावा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके देवेंद्र पूरिया भी टिकट मांग रहे हैं।



Source link