Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
गोहद3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
नेशनल हाईवे-92 की भिंड ग्वालियर रोड पर छीमका, खनेता मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रोला के चालक ने ओवरटेक करते हुए स्कूटी सवार महिला का सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति भी जख्मी हो गया। घटना गुरुवार की दोपहर 1.45 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही मृतिका के शव पीएम के लिए गोहद अस्पताल भिजवा दिया है। बताया जा रहा है कि ग्वालियर की 14वीं बटालियन में पदस्थ हवलदार मेवाराम वाल्मीकि निवासी गुढ़ीगुढ़ा का नाका गुरुवार को अपनी पत्नी कैलाशीबाई (52) के साथ स्कूटी क्रमांक एमपी 07 एसई 2582 पर सवार होकर गोरमी दौनियापुरा आ रहे थे। गोरमी में उनकी नातिन प्रियंका की गुरुवार को शादी है, जिसमें वे शामिल होने आ रहे थे।
वे भिंड ग्वालियर रोड पर छीमका, खनेता मोड़ के पास पहुंचे ही थे, तभी ग्वालियर से भिंड की ओर जा रहे गिट्टी से भरा ट्रोला क्रमांक एमपी 07 एचबी 3814 ने उनकी स्कूटी को पीछे से ओवरटेक किया, जिससे मेवाराम की स्कूटी का संतुलन बिगड़ा और वह खंती की ओर जाने लगी। तभी उनकी पत्नी कैलाशी बाई पीठ के बल सड़क पर गिर पड़ी, जिससे ट्रोला पहिया उनके सिर पर से गुजर गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मेवाराम भी सड़क किनारे गिरने से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं गोहद एसडीएम शुभम शर्मा भी मौके पर पहुंच गए थे। हालांकि प्रशासन ने मृतका के शव को पीएम और घायल हवलदार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मेवाराम के एक बेटा है वह भी पुलिस में है।
एक्सीडेंट के बाद देर रात तक लगा रहा जाम
नेशनल हाईवे 92 छीमका गांव के पास दोपहर के समय एक्सीडेंट होने के बाद हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो गया। जाम में सैकड़ों वाहन देर रात तक फंसे रहे। पुलिस देर रात तक जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करती रही।