नई दिल्ली: सिडनी सिक्सर्स (Sydney Sixers) ने बिग बैश लीग 2020 में मेलबर्न रेनेगेड्स (Melbourne Renegades) को 145 रन से रौंदते हुए इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की. ये रनों के लिहाज से बीबीएल इतिहास में किसी भी टीम की सबसे बड़ी जीत है. एरॉन फिंच की अगुवाई वाली मेलबर्न रेनेगेड्स की टीम ने इस मैच में जिस अंदाज में हथियार डाले उससे न केवल फैंस बल्कि ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर (David Warner) भी हैरान रह गए.
पहले खेलते हुए सिडनी सिक्सर्स (Sydney Sixers) ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 205 रन बनाए और उसके जवाब में मेलबर्न रेनेगेड्स (Melbourne Renegades) की टीम 10.4 ओवरों में ही महज 60 रन पर सिमट गई और मैच रिकॉर्ड 145 रन के बड़े अंतर से गंवा दिया.
वॉर्नर ने मजेदार ट्वीट से किया रेनेगेड्स को ट्रोल
वॉर्नर (David Warner) ने एक मजेदार ट्वीट से रेनेगेड्स को ट्रोल करते हुए लिखा, ‘अभी अपनी स्क्रीन के निचले हिस्से की ओर देखा और 43/9 नजर आया और मैंने सोचा कि ये समय था’.
जोस फिलिप की 56 गेंदों में 95 रन और जोर्डन सिल्क की 19 गेंदों में 45 रन की आतिशी पारियों की मदद से सिक्सर्स ने 20 ओवरों में 205/4 का स्कोर खड़ा किया, जो इस सीजन का उच्चतम स्कोर है.
Just looked at the bottom of my screen and saw 9/43 and thought it was the time #bbl
— David Warner (@davidwarner31) December 13, 2020
सिक्सर्स से 145 रन से हारी रेनेगेड्स की टीम
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेलबर्न की टीम एकदम ही लक्ष्य से भटकी नजर आई. दूसरे ही ओवर में सबसे पहले कप्तान फिंच आउट हुए और इसके बाद रेनेगेड्स के विकेटों का जो पतन शुरू हुआ, वह उसके सिमटने तक नहीं रुका.
दोनों ओपनरों शॉन मार्श (13) और एरॉन फिंच (12) के अलावा केवल दो और बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके जबकि तीन बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके, इससे रेनेगेड्स की पूरी टीम 10.4 ओवरों में 60 रन पर ढेर हो गई और मैच 145 रन से हार गई.
सिडनी सिक्सर्स (Sydney Sixers) के लिए बेन ड्वारशुइस सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार विकेट झटके, जबकि स्टीव ओकीफ ने तीन और कार्लोस ब्रेथवेट ने दो विकेट लिए.