Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर13 घंटे पहले
मंडी सुबह हरी सब्जी से पट गई। सबसे ज्यादा आवक मटर, टमाटर और गोभी की रही।
बादल, बारिश के कारण लगातार मौसम में बदलाव आ रहा है। तापमान में लगातार गिरावट का असर अब सब्जियों पर भी नजर आने लगा है। मंगलवार को सब्जियों के दाम में भरी गिरावट देखने को मिली है। सब्जियों की बढ़ी आवक से जहां भाव गिरने से गृहणियों के चेहरे पर खुशी है। वहीं, किसानों के चेहरे पर मायूसी नजर आ रही है।
मटर लेकर मंडी पहुंचे किसानों को सही भाव नहीं मिल पाया।
मंडी व्यापारियों ने बताया कि मावठे के कारण अचानक मंडी में सब्जियों की आवक बढ़ी है। ऐसे में दाम में भारी गिरावट आई है। जो मटर कल तक 25 से 30 रुपए बिक रहा था। वह आज 8 से 10 रुपए किलो बिका। जोधपुर से आने वाली गाजर अब 10 रुपए किलो हो चुकी है। ज्यादातर सब्जियों के भाव 10 रुपए किलो के करीब हैं। मंडी में मटर और पत्तागोभी की आवक बड़ी मात्रा हुई है। हालात यह हैं कि किसानों को उनके यहां तक आने के दाम भी नहीं मिल पा रहे हैं। यही मटर और टमाटर चार दिन पहले 40 से 50 रुपए किलो में बिक रहे थे। मावठे के कारण दाम में भारी गिरावट आ गई है।

कम दाम में ही बेचकर जाने को मजबूर हुए किसान।
आज ऐसे रहे सब्जियों के दाम
- मटर – 8 से 10 रुपए किलो
- पत्ता गोभी – 6 से 10 रुपए नग
- गाजर – 10 रुपए किलो
- टमाटर – 10 से 12 रुपए किलो
- हैदराबादी टमाटर – 25 किलो
- सुरजने की फली – 80 रुपए किलो
- मूली, पालक, मेथी और कद्दू – 5 रुपए किलो
- करेला – 10 से 12 रुपए किलो
- बलोड़ फली – 10 किलो