ट्रेन से टकराकर गाड़ी की ये हालत हो गई.
फॉर्च्यूनर का ड्राइवर अवैध रेलवे क्रॉसिंग से ट्रेक पार करना चाहता थ. लेकिन, बीच में जगह न होने से गाड़ी फंस गई. ड्राइवर ज्यादा कोशिश कर पाता इससे पहले ही ट्रेन आ गई. वो भाग गया और ट्रेन गाड़ी से टकरा गई.
- Last Updated:
December 15, 2020, 2:14 PM IST
कटनी-सतना रेलवे मंडल में सोमवार देर रात लमतरा फाटक के पास एक फॉर्च्यूनर और ट्रेन की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद जोरदार आवाज आई और लोगों की भीड़ लग गई. दरअसल एक ड्राइवर की बेवकूफी से ये हादसा हो गया. गनीमत यह है कि ट्रेन के टकराते वक्त गाड़ी में कोई नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और आरपीएफ मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे गाड़ी को ट्रैक से हटवाया. जांच के दौरान न गाड़ी के कागज मिले और न ही उसमें नंबर प्लेट लगी हुई थी. हालांकि, इतना पता लगा लिया गया है कि गाड़ी 2018 मॉडल की है और रीवा के किसी व्यक्ति ने इसे खरीदा है.
अवैध क्रॉसिंग में घुसी गाड़ी
दरअसल, यहां जो रेलवे क्रॉसिंग है, उसे रेलेवे ओवर ब्रिज बनते ही बंद कर दिया गया था. लोगों को उस पार जाने के लिए कुछ किलोमीटर ज्यादा चलना होता है. लेकिन, कल रात एक ड्राइवर यह सोचकर क्रॉसिंग के पार जाने लगा कि उसकी गाड़ी एसयूवी है, आराम से निकल जाएगी. लेकिन, बीच रास्ते फॉर्च्यूनर फंस गई. कुछ देर बाद ही सतना की ओर जाने वाली ट्रेन आ गई. ट्रेन आती देख ड्राइवर उतरकर भाग गया. ट्रेन ने गाड़ी को टक्कर मार दी और उसके परखच्चे उड़ा दिए. गाड़ी की हालत देख किसी को ये यकीन ही नहीं हो रहा कि ये एसयूवी है. गाड़ी दोनों तरफ से दब गई है और न ही कोई अंदर जा सकता है और न बाहर आ सकता है.