11 अधिकारियों पर गिरी गाज: कलेक्टर ने फूड सेफ्टी ऑफिसरऔर ड्रग इंस्पेक्टर से छीने फील्ड के सभी काम, 6 पर्यवेक्षक की दो वेतन वृद्धि रोकी

11 अधिकारियों पर गिरी गाज: कलेक्टर ने फूड सेफ्टी ऑफिसरऔर ड्रग इंस्पेक्टर से छीने फील्ड के सभी काम, 6 पर्यवेक्षक की दो वेतन वृद्धि रोकी


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

इंदौर2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कलेक्टर मनीष सिंह मिलावटखारों पर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।

इंदौर में सड़े हुए आलू से चिप्स बनाने की घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने फैक्ट्री संचालक पर तो कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री के अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। साथ ही स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सही तरीके से कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों पर भी गाज गिरी है।

कलेक्टर मनीष सिंह ने खाद्य सुरक्षा विभाग के काम को लेकर नाराज़गी जताते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर मनीष स्वामी और ड्रग इंस्पेक्टर राजेश जिनवाल को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी के कार्यालय (ADM ऑफिस) में अटैच कर दिया है। बताया जा रहा है कि कलेक्टर के पास इन दोनों अधिकारियों की लगातार शिकायतें आ रही थीं। ऐसे में कलेक्टर ने सख्त तेवर दिखाते हुए दोनों अधिकारियों से फ़ील्ड के सभी काम छीन लिए हैं। कलेक्टर ने अपर कलेक्टर अभय बेडेकर को निर्देश दिए हैं कि वे इंदौर ज़िले में आलू चिप्स बनाने वाली सभी इकाइयों के लिए एक प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित करें।

मातृ वन्दना योजना में लापरवाही पर 9 पर गिरी गाज

महिला एवं बाल विकास विभाग के छ: पर्यवेक्षक और तीन परियोजना अधिकारियों पर भी बड़ी कार्यवाही की गई है। प्रधानमंत्री मातृवन्दना योजना में लापरवाही एवं लक्ष्य के विरुद्ध कार्य नहीं करने तथा लंबित प्रकरणों का निराकरण नहीं करने पर कलेक्टर ने छ: पर्यवेक्षक की दो वेतन वृद्धि रोकी है। साथ ही तीन परियोजना अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। परियोजना अधिकारियों से तीन दिवस में जवाब मांगा गया है। कलेक्टर ने साफ़ कहा है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो दोषियों के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर मनीष सिंह ने परियोजना अधिकारी इंदौर ग्रामीण एक नितिन चौरसिया, परियोजना अधिकारी इंदौर शहरी सात मिनाक्षी हरवंश एवं परियोजना अधिकारी इंदौर शहरी तीन रवि शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। इसी तरह पर्यवेक्षक इंदौर शहरी सात पूनम बघेल, पर्यवेक्षक इंदौर शहरी तीन माया कण्डवाल, पर्यवेक्षक इंदौर शहरी सात अनीता संभूरी, पर्यवेक्षक इंदौर शहरी छ: हर्षा जेठवा, पर्यवेक्षक इंदौर ग्रामीण एक वर्षा बघेल और पर्यवेक्षक इंदौर शहरी एक दीपमाला बामने की दो वेतन वृद्धि रोकी दी है।

आलू चिप्स और सेंव निर्माताओं का सम्मेलन और प्रशिक्षण 22 को
ब्रिलियंट कन्वेन्शन सेंटर में 22 दिसंबर को आलू चिप्स और सेंव बनाने वाले छोटे और बड़े निर्माताओं का सम्मेलन और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम प्रशासन और एसोसीऐशन ऑफ इंडस्ट्रीज इंदौर के तत्वावधान में होगा। कार्यक्रम में कलेक्टर मनीष सिंह भी मौजूद रहेंगे।



Source link