मप्र को शीतलहर ने अपनी चपेट में लिया है.
मध्य प्रदेश में शीत लहर ने अपनी आमद दे दी है. टीमकमगढ़ में पारा पचमढ़ी से नीचे हो गया है. कई जिले एसे हैं, जहां इतनी ठंड है कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे. मौसम विभाग कहता है कि अभी सर्दी और भी बढ़ेगी. इसकी वजह है पहाड़ों से आ रहीं बर्फीली हवाएं.
- News18Hindi
- Last Updated:
December 18, 2020, 9:48 AM IST
भोपाल. पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने गुरुवार को पूरे मध्य प्रदेश को अपने आगोश में ले लिया है. भोपाल सहित टीकमगढ़, शाजापुर, मुरैना, श्योपुर और दतिया सहित कई शहरों में शीत लहर का प्रभाव देखने को मिला. सबसे ठंडा जिला टीकमगढ़ रहा. यहां पारा 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ग्वालियर में पारा 7.4, पचमढ़ी में 7.6, शाजापुर में 8, भोपाल में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. भोपाल में ये दिसंबर की सबसे ठंडी रात रही.
शाजापुर में एक दिन में चार डिग्री गिरा पारा
इंदौर और पचमढ़ी में विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर ही रह गई. मौसम विभाग के मुताबिक हवाओं की रफ्तार करीब 6 किमी प्रति घंटा है. आगामी 3-4 दिनों के अंदर पारा और नीचे गिरेगा. शाजापुर में हल्के कौहरे के बीच सर्द हवाओं ने यहां का आम जनजीवन खासा प्रभावित कर रखा है. कड़ाके की ठंड की वजह से सुबह अधिकांश लोग घरों मे ही दुबके रहे. जो लोग बाहर थे वो भी अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं. एक दिन के अंदर ही यहां पारे में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग की माने तो अगले कुछ दिनों में तापमान में ओर गिरावट दर्ज होगी और लोगो को कड़कड़ाती सर्दी का सामना करना होगा.टीकमगढ़ में जबरदस्त ठंड
बुंदेलखंड के टीकमगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. सर्द हवाओं ने यहां ठंड की ठिठुरन और बढ़ा दी है. पारा यहां न्यूनतम 5 डिग्री पहुंच गया है. जिससे अब यहां लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है. ऐसे में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं. उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं के कारण पूरा बुंदेलखंड भी ठंड की चपेट में है. यहां कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है. ऐसे में लोग अब सर्दी से बचने के लिए घरों में रह रहे हैं और ठंड से बचाव के लिए लोग आग जला कर ताप रहे हैं.