Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- 16 दिसंबर की रात हुई थी होटल संचालक की हत्या, अस्पताल पहुंचाने वाले युवकों के तीन दोस्त निकले कातिल, एक की तलाश
दो दिन पहले मटामर परहरा निवासी 40 वर्षीय मनबहोर द्विवेदी की हत्या उसे अस्पताल पहुंचाने वाले युवकों के तीन दोस्तों ने की थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक फरार है। वारदात की रात पार्टी के बाद आरोपी आपस में झगड़ रहे थे। होटल संचालक ने आधी रात रोड पर झगड़ रहे तीनों आरोपियों को समझाने की गुस्ताखी कर दी थी। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने शनिवार को हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि ट्रेनी आईपीएस अगम जैन, सीएसपी रांझी इसरार मंसूरी और टीआई निरूपा पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

होटल संचालक मनबहोर द्विवेदी की जीवित अवस्था की फोटो
16 दिसंबर की देर रात हुई थी होटल संचालक की हत्या
एसपी ने बताया कि मटामर परहरा निवासी मनबहोर द्विवेदी (40) होटल चलाता था। रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर छह के बाहर उसका होटल था। 16 दिसंबर की रात वह होटल से घर लौट रहा था। कैलाशधाम रोड मझगवां निवासी संतोष रजक के घर के सामने उस पर प्राणघातक वार किया गया था। खमरिया ओएफके अस्पताल से रेफर पर उसे मेडिकल ले जाया गया था। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। सुबह उसकी पहचान हो पाई थी। इस अंधे कत्ल के खुलासे पर एसपी ने 10 हजार का इनाम घोषित किया था।

हत्या में प्रयुक्त चाकू व रॉड
मामूली बात पर कर दी थी हत्या
कैलाशधाम रोड पर घाना निवासी सनी चौधरी ने डाग ब्रीडिंग के लिए किराए का कमरा ले रखा है। 16 दिसंबर को दोस्तों की पार्टी रखी थी। घटनास्थल पर बिखरे खून के आधार पर पुलिस ने सनी से पूछताछ की। उसने बताया कि दोस्त सावन शर्मा, देवा रजक व कार्तिक गुप्ता मकान के बाहर आपस में झगड़ रहे थे। तभी होटल संचालक निकला और तीनों को समझाने लगा। इसी बात पर तीनों ने उसके साथ रॉड से मारपीट की और कार्तिक ने जांघ में चायनीज चाकू से वार कर दिया था।

घटनास्थल की फाइल फोटो
वारदात के बाद अस्पताल भी ले गए
वारदात के बाद सनी अपने दोस्त की मदद से मनबहोर को उसकी स्कूटी में बैठाकर ओएफके अस्पताल ले गए। पीछे सावन, कार्तिक व देवा भी पहुंचे। ओएफके से रेफर करने पर मनबहोर की स्कूटी लेकर सभी घटनास्थल पर लौट आए। वहां बहे खून को धोया और स्कूटी व रॉड को जंगल में छिपा दिया। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने घाना निवासी निजी कंपनी में एजेंट सावन शर्मा, झालर बनाने वाले इन्द्रा आवास कॉलोनी मानेगांव रांझी निवासी कार्तिक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। मझगवां पनागर निवासी देवा रजक फरार है। वह अपराधी प्रवृत्ति का है।