नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया को करारी शिकस्त मिली. इस हार की वजह टीम के बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन था और इसका खामियाजा भारत के टॉप बल्लेबाजों को रैंकिंग में उठाना पड़ा रहा है.
भारत के स्टार टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) सातवें से आठवें स्थान पर खिसक गए हैं जबकि अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) शीर्ष 10 से बाहर होकर 11वें स्थान पर आ गए हैं.
सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) भी 14वें स्थान पर खिसक गए हैं जबकि हनुमा विहारी शीर्ष 50 से बाहर निकल कर 53वें स्थान पर चले गए हैं.
बॉक्सिंग डे टेस्ट में टीम इंडिया इन 4 खिलाड़ियों को दे सकती है मौका, इस प्लेयर्स का बाहर बैठना तय
हालांकि कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) एडीलेड में पहली पारी के दौरान 74 रन की पारी के दम पर आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजों की नवीनतम रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) के करीब पहुंच गए हैं.
रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज भारतीय कप्तान की अर्धशतकीय पारी से उन्हें दो रेटिंग अंक का फायदा हुआ, जिससे उनके नाम 888 रेटिंग अंक हो गए हैं. इस टेस्ट की दोनों पारियों में एक-एक रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्मिथ को 10 अंक का नुकसान हुआ, जिससे उनके नाम 901 रेटिंग अंक रह गए.
मैच में 46 और छह रन की पारियां खेलने वाले मार्नुस लाबुशेन करियर के सर्वश्रेष्ठ 839 रेंटिंग अंक तक पहुंच गए हैं. वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन चौथे स्थान पर बने हुए है.
मैन ऑफ द मैच ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन 73 रन की नाबाद पारी से करियर के सर्वश्रेष्ठ 33वें स्थान (592 रेटिंग अंक) पर पहुंच गए. इसके अलावा दूसरी पारी में नाबाद 51 रन बनाने वाले जो बर्न्स भी 2016 के बाद पहली बार शीर्ष 50 में जगह बनाने में सफल रहे. वह 48वें पायदान पर हैं.
एडीलेड में चार विकेट लेने वाले अनुभवी भारतीय स्पिनर आर अश्विन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पछाड़ कर गेंदबाजों की रैंकिंग में नौवें पायदान पर शीर्ष भारतीय बन गए हैं. बुमराह 10वें स्थान पर खिसक गए हैं.
टीम इंडिया की हार पर बोले Shoaib Akhtar, ‘विराट के लिए ये हार एक बुरा सपना’
मैच में सात विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस रैंकिंग में शीर्ष गेंदबाज बने हुए हैं. उन्होंने दूसरे स्थान पर काबिज स्टुअर्ट ब्रॉड पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है. दूसरी पारी में आठ रन देकर पांच विकेट लेने वाले जोश हेजलवुड चार स्थानों के सुधार के साथ शीर्ष पांच में पहुंच गए. पांचवें स्थान पर काबिज इस गेंदबाज के नाम 805 रेटिंग अंक हैं.