Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
दमोह38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कुम्हारी पुलिस ने बीती रात चैकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से 8 लाख 82 हजार रुपए कीमत की 196 पेटी अवैध देशी शराब जब्त की है। ये शराब कटनी से दमोह बिकने के लिए ले जाई जा रही थी। मौके से पिकअप वाहन चालक तो भागने में कामयाब रहा, लेकिन पुलिस ने वाहन में बैठे अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। शराब किसकी मिलीभगत से लाई गई थी और किसके कोटे की थी, इसकी पड़ताल करने में पुलिस जुटी है। फिलहाल पुलिस की पकड़ में जो आरोपी आया है, उसके खिलाफ और भी थानों में मामले दर्ज हैं।
बीती रात 12 बजे चैकिंग के दौरान पकड़ा वाहन
थाना प्रभारी आरए पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ने वाहन चैकिंग के आदेश दिए थे। इसके तहत बीती रात करीब 12 बजे थाने के सामने चैकिंग लगाई गई। इसी दौरान एक पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 35 जीए 0191 कटनी रीठी की ओर से आ रहा था। चैकिंग के दौरान वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी। पुलिस ने डेढ़ किमी तक पीछा किया और चीलघाटी के पास ओवरटेक कर पिकअप वाहन रोक लिया। इतने में चालक ने उतरकर जंगल के रास्ते दौड़ लगा दी। उसका साथी भी भागा।
पुलिस ने दोनों का पीछा किया, तो पथरिया तहसील के बौंतराई गांव निवासी जीवन रजक पकड़ लिया गया, जबकि चालक भाग गया। थाना प्रभारी पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों पर आबकारी एक्ट की धारा 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। कार्रवाई में एसआई के साथ आरक्षक राजेश, प्रकाश और शेख सहित अन्य स्टाफ शामिल रहा। एसपी हेमंत चौहान ने बताया कि आरोपी जीवन रजक के खिलाफ और भी मामले दर्ज हैं, रिकार्ड मांगा गया है, रिकार्ड के आधार पर और पड़ताल की जा रही है।