Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
चेन स्नेचिंग के बाद नीलगंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची महिला
- वारदात के समय महिला के गोद से छह माह का बच्चा हाथ से गिरने से बचा
- सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ बदमाश
- फुटेज से बदमाश की पहचान कर रही है पुलिस
भाई के साथ बाइक से घर लौट रही महिला के गले से बदमाश चेन झपट कर फरार हो गया। महिला के गोद में छह माह का बच्चा था। वारदात के समय बच्चा उसके हाथ से गिरते-गिरते बचा। लूट की खबर मिलते ही पुलिस ने इलाके में तलाशी ली लेकिन बदमाश का पता नहीं चला। अज्ञात के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गुदरी चौराहा निवासी सुनील जैन की बेटी खुश्बू जैन सोमवार को सूरज नगर में रहने वाले अपने चाचा के घर गई थी। वहां से दोपहर को वह अपने चचेरे भाई अर्पित के साथ छह माह के बच्चे के इलाज के लिए फ्रीगंज गई थी। डॉक्टर को दिखाने के बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खुश्बू और अर्पित घर लौट रहे थे। रास्ते में नीलगंगा जूना अखाड़े के पास पीछे से तेज रफ्तार से आए बाइक सवार ने खुश्बू के गले पर जोर से झपट्टा मारा। अचानक हुए हमले से खुश्बू डर गई। उसके गोद से बच्चा गिरते-गिरते बचा। बच्चे को एक हाथ से संभालते हुए खुश्बू ने दूसरे हाथ से गले की चेन टटोली तो वह नदारद थी। इसी बीच अर्पित ने बाइक को सड़क किनारे खड़ी कर दी। खुश्बू ने उसे बताया कि बदमाश ने गले से चेन से झपट ली तो अर्पित ने उसका पीछा किया। करीब 200 मीटर तक पीछा किया लेकिन बदमाश तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए फरार हो गया। खुश्बू ने बताया कि चेन करीब दो तोले की थी। उसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए थी।
सफेद शर्ट पहने था और चेहरे पर मास्क लगाए था बदमाश
अर्पित ने बताया कि बदमाश ने सफेद शर्ट पहन रखी थी। उसने चेहरे को मास्क से ढंक रखा था। घटनास्थल के पास मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाश की बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। सामने से आ रही गाड़ियों से वह भिड़ने से बचा। बाद में पता चला कि वह चेन झपट कर भाग रहा था।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ बदमाश
नीलगंगा स्थित जूना अखाड़े के सीसीटीवी कैमरे में वारदात को अंजाम देकर भाग रहा बदमाश कैद हो गया है। उसकी फुटेज पुलिस ने ले ली है। पुलिस ने बताया कि बदमाश की करीब-करीब पहचान हो गई है। उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम लगा दी गई है।