सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के एक कारोबारी ने दुनिया के महानतम बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन (Sir Don Bradman) की पहली बैगी ग्रीन टेस्ट कैप (Baggy Green Test Cap) को नीलामी में खरीदा. इसके लिए उन्होंने 4 लाख 50 हजार आस्ट्रेलियन डॉलर (3 लाख 40 हजार अमेरिकी डॉलर) की रकम चुकाई.
क्रिकेट की नीलामी की गई यादगार वस्तु के लिए ये दूसरी सबसे बड़ी कीमत है. रोड माइक्रोफोंस के संस्थापक पीटर फ्रीडमैन (Peter Freedman) ने ब्रैडमैन द्वारा 1928 में टेस्ट डेब्यू के दौरान पहनी गई इस कैप को पूरे ऑस्ट्रेलिया में घुमाने की योजना बनाई है. क्रिकेट की दुनिया में सर डॉन ब्रैडमैन (Sir Don Bradman) का नाम काफी सम्मान के साथ लिया जाता है.
यह भी पढ़ें- मोहम्मद कैफ ने फर्राटेदार अंग्रेजी से सबको चौंकाया, तो हरभजन ने यूं लिए मजे
नीलामी से जुड़े अधिकारियों के मुताबित क्रिकेट से जुड़ी किसी वस्तु के लिए सबसे अधिक धनराशि का रिकॉर्ड आस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर शेन वार्न (Shane Warne) की टेस्ट कैप के नाम है जो इसी साल 10 लाख 7 हजार 500 आस्ट्रेलियाई डॉलर (7 लाख 60 हजार अमेरिकी डॉलर) में बिकी थी.
ब्रैडमैन ने 20 साल ऑस्ट्रेलिया का रिप्रजेंट किया और इस दौरान 1928 से 1948 के बीच 52 टेस्ट खेले और उन्हें दुनिया का सर्वकालिक बेस्ट बल्लेबाज माना जाता है. उन्हें 1949 में नाइटहुड (Knighthood) से सम्मानित किया है. ब्रैडमैन ने टेस्ट क्रिकेट में 99.94 की औसत से रन बनाए.
फ्रीडमैन ने मंगलवार को कहा, ‘सर डॉन ब्रैडमैन ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी हैं. वो खेल के मैदान पर हमारे सबसे प्रतिभावान खिलाड़ियों में से एक होने के अलावा सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शामिल हैं. वो आस्ट्रेलियाई जज्बे और लचीलेपन की परिभाषा हैं.’
(इनपुट-भाषा)