IND VS AUS: बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए केएल राहुल प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं (फोटो-बीसीसीआई, केएल राहुल इंस्टाग्राम)
केएल राहुल (KL Rahul) को बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली.
- News18Hindi
- Last Updated:
December 25, 2020, 2:51 PM IST
केएल राहुल को बाहर करना पड़ेगा भारी!
विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद सभी क्रिकेट एक्सपर्ट और फैंस को उम्मीद थी कि टीम इंडिया उनकी जगह केएल राहुल को प्लेइंग इलेवन में शामिल करेगी, लेकिन टीम मैनेजमेंट की सोच कुछ अलग ही दिखाई दी. भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत और मोहम्मद सिराज को मौका मिला है, उसमें केएल राहुल का नाम नहीं. ये वही केएल राहुल हैं जिन्हें टीम इंडिया का अगला कप्तान तक माना जाता है. ये वही राहुल हैं जिनकी बल्लेबाजी विराट कोहली के बाद सबसे अच्छी मानी जाती है लेकिन कोच रवि शास्त्री और अस्थायी कप्तान अजिंक्य रहाणे को ऐसा नहीं लगता.
केएल राहुल को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करना टीम इंडिया को भारी पड़ सकता है, क्योंकि ये बल्लेबाज आक्रामक होने के साथ-साथ अच्छी तकनीक का धनी भी है. उनके पास विराट कोहली की तरह हर शॉट है और वो कंगारू गेंदबाजों का अच्छे से जवाब दे सकते हैं. बड़ी बात ये भी थी कि केएल राहुल अच्छी फॉर्म में भी हैं. आईपीएल में केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 670 रन बनाए, उनका औसत 55.83 रहा. वनडे क्रिकेट की बात करें तो दाएं हाथ के इस कलात्मक बल्लेबाज ने 2019 में 47.66 के बेहतरीन औसत से 572 रन बनए, वहीं इस साल वो 55.37 के औसत से 443 रन ठोक चुके हैं. टी20 में भी केएल राहुल ने लगभग 45 के औसत से रन ठोके हैं. आंकड़े इस बात की तस्दीक करते हैं कि केएल राहुल गजब की फॉर्म में हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए नहीं चुना गया. केएल राहुल ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मेलबर्न में घूमने की तस्वीरें डाली थी. अब उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. ऐसा लग रहा है मानो केएल राहुल को सिर्फ सैर-सपाटे के लिए ऑस्ट्रेलिया ले जाया गया है.
मेरिट से ज्यादा जरूरी है फॉर्म
मान लिया जाए कि टीम इंडिया ने मेरिट के आधार पर बॉक्सिंग डे टेस्ट की टीम चुनी है. शुभमन गिल काफी समय से अपने मौके का इंतजार कर रहे हैं, वहीं हनुमा विहारी को भी पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं. लेकिन जो बल्लेबाज इतनी अच्छी फॉर्म में चल रहा हो और जमकर रन बना रहा हो तो उसे बेंच पर बैठाना जरा भी समझदारी का काम नहीं है. वैसे टेस्ट में केएल राहुल का रिकॉर्ड इतना अच्छा नहीं है, उनके बल्ले से 34.58 की औसत से 2006 रन निकले हैं लेकिन ये बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया में खेलने का अनुभव रखता है और वो वहां शतक भी ठोक चुके हैं. साफ है केएल राहुल की जगह टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में बनती थी. कहीं ना कहीं भारतीय टीम मैनेटमेंट ने उन्हें ना चुनकर बड़ी गलती कर दी है.