Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
माैसम साफ होने और हल्की हवाएं चलने से दिन में ठंड का एहसास हो रहा है।
उत्तर भारत से आने वाली हवाओं के कभी मंद पड़ने तो कभी सही दिशा न होने से दिन-रात के तापमान में बदलाव आ रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री घटकर 26.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। वहीं, रात के तापमान में उछाल आया है, जो सामान्य से 2 डिग्री बढ़कर 12.2 पर पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी तीन दिनों तक तापमान के बढ़ने के आसार हैं।
इसके पहले गुरुवार को दिन का पारा 28.4 डिग्री रहा था। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री बढ़कर 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। गत दिवस न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री रहा था। पांच रातों से न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हो रहा था। इसमें शुरुआती तीन रात तापमान 9 डिग्री रहा। फिर आखिरी 2 रात 10 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला का कहना है उत्तर से आ रही हवा की दिशा बीच-बीच में भटक रही है। इस वजह से रात के तापमान में इजाफा हुआ है। अगली तीन रात भी न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। वहीं साल के आखिर में अरब सागर से नमी आने की वजह से बादल छाएंगे। नए साल की शुरुआत बादल और हलकी बारिश से हो सकती है। हिमालय क्षेत्र में इसी अवधि में तेज बर्फबारी होने के आसार हैं। बादल होने के बावजूद ठंड असर दिखाएगी।