- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain
- Ujjain Police Arrested Two Thugs Who Cheated By Selling Fake Jewelry, Confessed To Cheating Five Lakh
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इन्हीें नकली गहनों को बेचकर ठगों ने की थी पांच लाख की ठगी
- पकड़ा गया एक ठग दाहोद गुजरात का रहने वाला है
उज्जैन में गोल्ड लोन कंपनी में नकली गहने गिरवी रखने गए युवक पर संदेह होने पर कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस जब तक पहुंचती तब तक वह भाग निकला। मुखबिर की सूचना पर युवक माधवनगर थाने के पास से पकड़ लिया गया। पूछताछ में कबूला कि उसने उज्जैन में ही एक प्रॉपर्टी ब्रोकर को 10 लाख के नकली गहनों को पांच लाख में बेचा है। पुलिस ने इस गोरखधंधे में शामिल दाहोद गुजरात निवासी उसके एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया है। दरअसल, गोल्ड लोन कंपनी के साथ ठगी नहीं हुई, इसलिए उसने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। पुलिस ने रविवार को ठगी के शिकार हुए प्रॉपर्टी ब्रोकर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस सूत्रों ने भास्कर को बताया कि पिपलीनाका निवासी बैंक एजेंट विजयेश सोलंकी नकली गहनों को गिरवी रखने एक गोल्ड लोन कंपनी में गया था। कंपनी के अधिकारियों को जब संदेह हुआ तो विजयेश वहां से भाग गया। लेकिन उन्होंने इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दे दी। खबर मिलने पर पुलिस ने मुखबिरों को अलर्ट कर दिया। बीते 30 दिसंबर की रात माधवनगर थाने के पास से विजयेश पकड़ लिया गया। उसकी निशानदेही पर एक होटल में ठहरे उसके साथी दाहोद गुजरात निवासी नवीन सोनी को भी हिरासत में लिया गया।
216 ग्राम के नकली गहने पांच लाख में बेचा था
दोनों ने पूछताछ में कबूला कि उन्होंने एक दिन पहले यानि 29 दिसंबर को चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के वीरनगर निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर पवन शर्मा को 216 ग्राम नकली गहने सिर्फ पांच लाख में बेचकर ठगी की है। पुलिस ने जब पवन से पूछा तो उसने गहने खरीदना स्वीकार किया।
जब पवन को पता चला कि विजयेश और नवीन ठग हैं तो उसने खरीदे गए सोने के गहनों (चार चूड़ी, दो जेंट्स कड़े, एक चेन, दो अंगूठी और दो ब्रेसलेट) की जांच कराई। जांच में मालूम हुआ कि उसमें 43 प्रतिशत ही सोना है बाकी पीतल है। यह सुनकर पवन के होश उड़ गए। उसने चिमनगंज मंडी थाने में आरोपियों के खिलाफ रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई।
दिल्ली से नकली गहने लाकर बेचना बताया
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विजयेश और नवीन ने कबूला है कि वे दिल्ली से नकली गहने लाकर लोगों को ठगते हैं। पुलिस दोनों को रविवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। ताकि यह पता लगाया जा सके कि दिल्ली में कहां से गहने खरीदे गए। उज्जैन के अलावा इन लोगों ने और कितने लोगों के साथ ठगी की है।