कोरोना वैक्सीन (Coronavirus Vaccine). (Pic- ANI)
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के इंदौर (Indore) में कोरोना वायरस (Corona Virus) कमजोर होता दिखाई दे रहा है. यही वजह है कि रिकवरी रेट बढ़कर 93.99 प्रतिशत हो गया है. वहीं डेथ रेट 1.60 फीसदी पर पहुंच गया है.
इंदौर शहर में कोरोना पॉजिटिव की संख्या निकलना भले तो कम हो गई है, लेकिन मौतों का सिलसिला अभी भी जारी है. मेडीकल बुलेटिन में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. इसके बाद अब तक 892 की लोगों की मौत हो चुकी है. सोमवार को 188 लोग संक्रमण मुक्त हुए. अब तक 52376 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं. वहीं फिलहाल 2457 लोगों का इलाज चल रहा है. इंदौर में अब तक 6 लाख 83 हजार 146 सैंपल की जांच हो चुकी है. अब वैक्सीन के ड्राय रन की तैयारी की जा रही है.
इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा मरीज
कोरोना की क्षेत्रवार सूची के मुताबिक सुदामा नगर विजयनगर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 5-5 पॉजिटिव मरीज मिले हैं. वहीं दूसरे क्षेत्रों में इक्का-दुक्का पॉजिटिव मिले हैं. कुल 75 क्षेत्रों में 143 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है. भोपाल के बाद अब इंदौर में वैक्सीन के ड्राय रन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक एक सप्ताह के अंदर ड्राय रन शुरू कर दिया जाएगा. शहर में वैक्सीन लगाने के चिह्नित अस्पतालों में इनका ड्राय रन किया जाएगा. वैक्सीन रखने के लिए इंदौर में दो डीप फ्रीजर पहुंच चुके हैं. उनमें आइपैक बनाने का काम शुरू हो चुका है. वैक्सीन के लिए 1 लाख 68 सिरिंज भी इंदौर पहुंच गईं हैं. इंदौर में प्रथम चरण में करीब 25 हजार 755 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जानी है. इसके लिए एएनएम, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर,स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को इसका प्रशिक्षण दिया जा चुका है.