Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रतलाम18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- मुख्यमंत्री चार से पांच घंटे रहेंगे, कामों को शुरुआती मंजूरी देंगे, तारीख घोषित होने के बाद निगम बनाने लगा प्रजेंटेशन
2025 तक शहर में कौन कौन से विकास कार्य होंगे और उन्हें अंजाम तक पहुंचाने की क्या योजना है। 27 जनवरी को यह सब खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देखेंगे। बुधवार को सरकार ने तारीख तय कर दी है। मुख्यमंत्री चार से पांच घंटे शहर में रहेंगे। जानकारी पहले से थी इसलिए नगर निगम ने विधायक चेतन्य काश्यप की मदद से पांच सालाना विकास कार्यों के रोडमैप का प्रजेंटेशन बनाना शुरू कर दिया है। इसके जरिए नगर निगम को बताना होगा कि आने वाले समय में सड़क, पानी, बिजली, नाले-नालियां, पुलिया सहित अन्य जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़े प्रोजेक्ट पर काम किया जाएगा। यह प्रजेंटेशन प्रोजेक्टर पर सीएम को दिखाना होगा। अफसरों के चर्चा के बाद मुख्यमंत्री जरूरी संशोधन कराते हुए विकास कार्यों को शुरुआती मंजूरी देते जाएंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री देवास भी जाएंगे।
शहर की मूलभूत जरूरतों का खाका खींचते हुए कुछ इस तरह बन रहा विकास का रोडमैप
पानी – शहर को नियमित जलप्रदाय, 14 दिसंबर से कस्तूरबा नगर टंकी से शुरुआत हो चुकी है। बाकी की 16 टंकियों से कैसे रोजाना पानी दिया जाएगा, इसकी योजना बताएंगे। बिजली – एलईडी कन्वर्जन के माध्यम से निगम दो साल पहले शहर की 11500 से ज्यादा स्ट्रीट लाइटों पर एलईडी लगा चुका है। अब बची कॉलोनियों के साथ वाटर सप्लाई सिस्टम का भी एनर्जी ऑडिट कराकर एलईडी कन्वर्जन। ट्रैफिक – शहरी यातायात को सुगम बनाने के लिए सिग्नल, स्टॉपर व अन्य इंतजाम के साथ प्रमुख चौराहों जैसे सैलाना बस स्टैंड, दिलबहार, बाजना बस स्टैंड सहित अन्य चौराहों की रोटरियों में ट्रैफिक के अनुसार बदलाव। बरसाती नाले – शहर में छोटे-बड़े 26 नाले हैं, अभी तीन को 11 करोड़ की लागत से पक्का बनाया जा रहा है। बाकी 23 नालो को पक्का करने की योजना रोडमैप में शामिल की जा रही है। रिंग रोड – तीन साल की कोशिश के बाद आवश्यक सुधार करके डीपीआर फाइनल हो गई है। एक बार टेंडर बुलाया था लेकिन तकनीकी मापदंडों पर खरा नहीं उतरा। अब दूसरी बार की तैयारियों को बताया जाएगा। फोरलेन – इसमें नगर निगम तिराहे से पैलेस गेट, सैलाना बस स्टैंड से मानव सेवा समिति तिराहा तक, सैलाना बस स्टैंड-गायत्री टॉकिज-शहर सराय सहित कुछ अन्य सड़कों को भी फोरलेन में तब्दील करने की योजना। मास्टर प्लान – वर्तमान प्लान 2021 तक का है। भूमि उपयोग का सर्वे हो गया है, इससे प्राप्त डाटा का टीएंडसीपी परीक्षण कर रहा है। उसके आधार पर नया किस तरह बनाया जाएगा, वह सीएम को बताएंगे। मिनी स्मार्ट सिटी – इसमें 8 प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, सात चौराहों का सौंदर्यीकरण सहित 18 काम होना है। भौतिक परिस्थितियों के अनुसार किए गए बदलावों सहित योजना को रखा जाएगा।
पांच सालाना रोडमैप का एजेंडा
समावेशी शहरी विकास – रात्रि कालीन आश्रय, दीनदयाल रसोई, स्व सहायता समूहों का गठन, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार, गरीबों के लिए आवास संंवहनीय विकास – सीवरेज, सैनिटेशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन राजस्व एवं प्रशासनिक सुधार -आय के स्त्रोत बढ़ाना, जल कर, संपत्ति कर, उपभोक्ता प्रभार, अन्य प्रशासनिक सुधार शहरी सेवा प्रदाय की गुणवत्ता में सुधार – ई-गवर्नेस, जलप्रदाय, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, सार्वजनिक परिवहन, स्ट्रीट लाइट नगरीय नियोजन के माध्यम से शहरी अर्थव्यवस्था में सुधार – जीआईएस और मास्टर प्लान की स्थिति
^मुख्यमंत्री 27 जनवरी को आएंगे। वे नगर निगम द्वारा आगामी पांच साल में कराए जाने वाले शहर विकास के कार्यों को रोडमैप देखेंगे। प्रजेंटेशन बनना शुरू हो गया है। इसमें विस्तृत सर्वे कर वर्तमान और आगे की योजनाओं को शामिल कर रहे हैं। चेतन्य काश्यप, विधायक