IND VS AUS: विल पुकोवस्की ने डेब्यू टेस्ट में बनाए 62 रन (PC-AP)
विल पुकोवस्की (Will Pucovski) ने सिडनी टेस्ट में भारत के खिलाफ डेब्यू किया, अपनी पहली टेस्ट पारी में 62 रनों की पारी खेली.
विल पुकोवस्की का ऑस्ट्रेलियाई टीम तक सफर
विल पुकोवस्की (Will Pucovski) का नाम ऑस्ट्रेलिया में उस वक्त सुर्खियों में आया जब उन्होंने अंडर 19 चैंपियनशिप में 162.50 की धमाकेदार औसत से 650 रन ठोक डाले. पुकोवस्की का टैलेंट इतना गजब था कि उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ लिस्ट ए डेब्यू करने का मौका मिला. पुकोवस्की ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के लिए डेब्यू किया और वो ओपनिंग के लिए उतरे. हालांकि पुकोवस्की महज 11 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए.
फरवरी 2017 में पुकोवस्की का फर्स्ट क्लास डेब्यू हुआ और उन्हें विक्टोरिया ने न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ मैदान पर उतारा. लेकिन इस मैच में अपने जन्मदिन के अगले दिन ही पुकोवस्की के साथ बड़ा हादसा हुआ. फील्डिंग के दौरान पुकोवस्की के सिर पर गेंद लग गई और वो कनकशन का शिकार हो गए. इसके बाद अक्टूबर 2017 में पुकोवस्की एक बार फिर कनकशन का शिकार हुए. क्वींसलैंड के खिलाफ बेन कटिंग की बाउंसर पुकोवस्की के सिर पर लगी. एक महीने बाद पुकोवस्की के सिर पर फिर गेंद लगी और वो रिटायर्ड हर्ट हो गए.2018 में दिखाई धमक
करियर के शुरुआती साल में 3 बार कनकशन का शिकार हुए पुकोवस्की ने साल 2018 में अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक ठोका. इस बल्लेबाज ने शेफील्ड शील्ड में क्वींसलैंड के खइलाफ 188 रनों की पारी खेली. लेकिन अपनी इस पारी के बाद पुकोवस्की के सिर पर एक बार फिर गेंद लगी. सीन एबॉट की गेंद उनके सिर पर लगी और वो पूरे सीजन से बाहर हो गए. हालांकि सिर पर गेंद लगने के बावजूद पुकोवस्की घबराए नहीं और अक्टूबर 2018 में इस बल्लेबाज ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ की पिच पर 243 रन ठोके. लेकिन इस पारी के एक हफ्ते बाद पुकोवस्की ने मानसिक वजहों से क्रिकेट से ब्रेक ले लिया. फॉक्स क्रिकेट को पुकोवस्की ने बताया कि वो अंदर से काफी अजीब महसूस कर रहे थे. मतलब मानसिक तौर पर पुकोवस्की खुद को फिट महसूस नहीं कर रहे थे.
पुकोवस्की को साल 2019 में मिला था डेब्यू का मौका
विल पुकोवस्की को साल 2019 में ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में चुना गया. श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्हें टीम में मौका दिया गया लेकिन एक बार फिर पुकोवस्की ने खुद को मानसिक तौर पर अनफिट पाया और उन्होंने टीम से बाहर जाने का फैसला किया. उनकी जगह कर्टिस पैटरसन को ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह मिल गई.
IND VS AUS: मोहम्मद सिराज के आंसू देख वसीम जाफर को आई एमएस धोनी की याद
जुलाई 2019 में पुकोवस्की फिर मैदान पर लौटे और उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया. पुकोवस्की ने ग्लूस्टरशर के खिलाफ 137 रनों की बेहतरीन पारी खेली. नवंबर 2019 आते-आते एक बार फिर पुकोवस्की डिप्रेशन के शिकार हुए. इस बल्लेबाज ने साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार सैकड़ा ठोका और वो पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए टेस्ट टीम में चुने जाने वाले थे लेकिन एक बार फिर मानसिक तौर पर तैयार ना होने की वजह से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया. फरवरी 2020 में पुकोवस्की फिर लौटे और न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ उन्होंने 82 रनों की पारी खेली लेकिन एक बार फिर वो कनकशन का शिकार हुए. पुकोवस्की रन लेते हुए गिर गए और उनका सिर जमीन पर लग गया.
पुकोवस्की ने लगातार दो दोहरे शतक जमाए
अक्टूबर 2020 में पुकोवस्की ने शैफील्ड शील्ड में लगातार दो दोहरे शतक जमाकर खुद को एक बार फिर साबित किया. उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धमाकेदार पारी खेली और उन्हें भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुना गया. लेकिन टीम इंडिया के खिलाफ टूर मैच में एक बार फिर गेंद उनके सिर पर लग गई. कार्तिक त्यागी की ये गेंद उनके सिर पर लगी और वो 9वीं बार कनकशन का शिकार हुए. पुकोवस्की पहले दो टेस्ट मैचों से बाहर हो गए लेकिन सिडनी टेस्ट में इस बल्लेबाज को आखिरकार डेब्यू का मौका मिला. पुकोवस्की ने अपनी पहली ही टेस्ट पारी में शानदार 62 रन बनाए. पुकोवस्की ने इस पारी से दिखा दिया कि वो इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार हैं. तमाम मानसिक परेशानियां और सिर की चोट उन्हें नहीं रोक सकती.