Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
निगम अमले ने देर रात 2 बजे तक कार्यवाही की।
कौओं के बाद अब बर्ड फ्लू के लक्षण मुर्गा-मुर्गी में भी मिले हैं। डेली कॉलेज के पास मूसाखेड़ी क्षेत्र से लिए गए सैंपलों की प्रारंभिक जांच में बर्ड फ्लू के लक्षण सामने आए हैं। यह जांच राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा रोग अनुसंधान प्रयोगशाला भोपाल में हुई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मूसाखेड़ी क्षेत्र में एक किमी क्षेत्र में चिकन मार्केट को सात दिन के लिए तत्काल बंद करवाया गया है।
बर्ड फ्लू के दस्तक देने के साथ ही इसके विस्तार को रोकने की दिशा में तेज गति से काम शुरू हो गया है। गुरुवार रात में बर्ड और अंडों को जमीन के अंदर दफना दिया। रिपोर्ट के सामने आने के बाद इंदौर नगर निगम की टीम, स्वास्थ्य विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीम सक्रिय हो गई। इन टीमों के द्वारा गुरुवार रात में कार्रवाई करने का सिलसिला शुरू किया गया। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी उत्तम यादव ने बताया कि मुर्गी में बर्ड फ्लू का वायरस मिलने के बाद आजाद नगर क्षेत्र में टीम के द्वारा जाकर कार्रवाई की शुरुआत की गई।

बर्ड और अंडों को चूने के साथ दफनाया
इसके अंतर्गत निगम के द्वारा रात में 17 दुकानों से 200 बर्ड और 300 अंडे जब्त किए गए। इन सभी को निगम की टीम एहतियात के साथ सुनसान क्षेत्र में ले गई। उस क्षेत्र में करीब 5 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया। इस गड्ढे में इन सभी बर्ड और अंडों को चूने के साथ मिलाकर दफनाया गया। इन सभी को दफनाने की कार्रवाई रात में करीब 2 बजे तक चलती रही। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के बाद निगम की टीम वापस लौटी। इस टीम के द्वारा कार्रवाई के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण सभी कदम उठाए गए। इस कार्यवाही को इस तरह से किया गया है, जिससे किसी भी हालत में इन बॉर्डर से बर्ड फ्लू बाहर नहीं फेल सके।