Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन35 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
रविवार सुबह शहर में छाया रहा कोहरा
- रात का तापमान भी डेढ़ डिग्री सेल्सियस गिरा
उज्जैन में तड़के से ही कोहरे ने शहर को आगोश में ले लिया। इससे सुबह ठंड भी बढ़ गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को कोहरे के कारण ज्यादा दूर तक नहीं दिखाई दे रहा था। हालांकि आठ बजते कोहरा साफ होने लगा था फिर भी विजिबिल्टी 300 मीटर से अधिक नहीं थी। जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ राजेंद्र प्रकाश गुप्त उत्तर-दक्षिण से आ रही हवाओं और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से उठ रही नमी को बारिश और धुंध होने की वजह मानते हैं। शुक्रवार और शनिवार को सुबह हुई हल्की बारिश के कारण ठंड बढ़ी है। पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में भी 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार रात को न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जबकि शुक्रवार को यह 19 डिग्री सेल्सियस था। दिन के तापमान में भी छह डिग्री का अंतर पाया गया। डॉ गुप्त का कहना है कि एक-दो दिन तक आसमान में हल्के बादल रहेंगे। उसके बाद मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा। उन्होंने बारिश की संभावना से इंकार किया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे के कारण फसलों पर ओस की बूंदें दिखाई दीं
दो दिन की हल्की बारिश से फसलों को फायदा
शुक्रवार और शनिवार को हुई हल्की बरसात फसलों के लिए अमृत वर्षा के समान थी। खासकर गेहूं के लिए। चना, मटर, आलू की फसल को भी हल्की बारिश से फायदा हुआ। बरसात से जहां किसानों को गेहूं सिंचाई नहीं करनी पड़ी वहीं चना, मटर, आलू के खेतों में नमी आ गई।
ग्रामीण इलाकों में भी छाया कोहरा
ग्रामीण इलाकों में भी कोहरा छाया रहा। खेतों में ओस की बूंदें फसलों और घासों पर दिखाई दीं। बड़नगर के किसान किशोर ने बताया कि खेतों में नमी से फसलों की सिंचाई नहीं करनी पड़ी। तड़के पूरे इलाके ने कोहरे की चादर ओढ़ रखी थी लेकिन आठ बजते-बजते कोहरा छंटने लगा और सूर्यदेव के दर्शन हुए।