- Hindi News
- Local
- Mp
- Boat Overturns In Son River, Woman Missing With Two Children, 3 People Saved Life By Swimming
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सिंगरौली18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नदी में नाव डूबने की सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई।
गढ़वा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर सोन नदी में सवारियों से भरी नाव पलट गई। नाव में नाविक समेत कुल 6 लोग बैठे थे। इनमें से तीन लोग तो तैरते हुए निकल आए, लेकिन 8, 12 साल के दो बच्चों और महिला समेत तीन लोग लापता हैं।
जानकारी के मुताबिक गांव के कुछ लोग नाव में सवार होकर अपने मामा के यहां क्योटली जा रहे थे। पनवार इलाके में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। तीन लोगों ने जैसे-तैसे तैरकर जान बचा ली, लेकिन कन्हैया (12) पिता कैलाश जायसवाल, छोटू (8) पिता कैलाश जायसवाल निवासी बेलगढ़ी और अंजना (25) पति राजेश केवट निवासी घोघरा लापता हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गढ़वा टीआई शंखधर द्विवेदी भी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए थे। आनन-फानन में एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। लापता लोगों की तलाश की गई। रात 9 बजे तक लापता लोगों में से किसी का भी सुराग नहीं लगा था।
डंडा छूटने से अनियंत्रित हो गई नाव
हादसे में बचकर नदी से बाहर निकलने वालों में शामिल महिला ने पुलिस को बताया, नदी में पानी का बहाव तेज था। नाविक के हाथ से बांस का डंडा अचानक छूट गया। इससे नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में वह और अन्य लोग गढ़वा थाना क्षेत्र के पनवार घाट से नौडिहवा क्षेत्र के क्योटली घाट तरफ जा रहे थे।