IND VS AUS: नस्लीय टिप्पणी मामले पर BCCI सचिव जय शाह ने की क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से बात, कहा-ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं

IND VS AUS: नस्लीय टिप्पणी मामले पर BCCI सचिव जय शाह ने की क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से बात, कहा-ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं


IND VS AUS: जय शाह बोले-नस्लीय टिप्पणी नहीं सहेंगे

मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) और जसप्रीत बुमराह के खिलाफ सिडनी टेस्ट के दौरान नस्लीय टिप्पणियां की गई, जिसके बाद बीसीसीआई बेहद खफा है

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह (Jay Shah) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दौरान भारतीय क्रिकेटरों के खिलाफ की गयी नस्ली टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि ‘भेदभावपूर्ण हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा’ कयोंकि खेल और समाज में नस्लवाद के लिये कोई जगह नहीं है. शाह ने उपद्रवी दर्शकों की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह के लिये की गयी टिप्पणियों की कड़ी निंदा की. इन दर्शकों को बाद में स्टेडियम से बाहर कर दिया गया.

शाह ने ट्वीट किया, ‘हमारे इस खेल और हमारे समाज में नस्लवाद के लिये कोई स्थान नहीं है. मैंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों से बात की और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है. बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया दोनों एक साथ हैं. ऐसी भेदभावपूर्ण हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ‘

सिराज-बुमराह के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी
पहली बार ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर गये 26 साल के सिराज ने नियमों का पालन करते हुए तुरंत ही कप्तान अजिंक्य रहाणे और मैदानी अंपायरों के पास गया और उन्हें घटना के बारे में बताया. इससे खेल 10 मिनट तक रुका रहा. सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया जिन्होंने छह दर्शकों को स्टेडियम से बाहर कर दिया. इससे पहले शनिवार को नशे में धुत एक व्यक्ति ने बुमराह और सिराज के लिये अपशब्दों का उपयोग किया था. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी मैच के तीसरे और चौथे दिन घटी इन घटनाओं की कड़ी निंदा की है. दुनिया भर के क्रिकेटरों ने भी एक स्वर में कहा कि किसी भी खेल में नस्लवाद के लिये कोई जगह नहीं है.आईसीसी की अगली बोर्ड बैठक में हिस्सा लेंगे शाह

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली के स्थान पर सचिव जय शाह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बोर्ड बैठक में हिस्सा लेंगे. गांगुली को दो जनवरी को दिल का हल्का दौरा पड़ने के बाद कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गयी थी. पूर्व भारतीय कप्तान को तीन सप्ताह के पूर्ण विश्राम की सलाह दी गयी है. आईसीसी बैठकों में सदस्य देश का अध्यक्ष निदेशक बोर्ड की जबकि सचिव मुख्य कार्यकारियों की बैठक (सीईसी) में भाग लेता है. आईसीसी बोर्ड में सचिव भी वैकल्पिक निदेशक होता है.

बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘हमारे सचिव (शाह) आईसीसी बोर्ड की अगली बैठक में बीसीसीआई का प्रतिनिधित्व करेंगे क्योंकि दादा (गांगुली) बीमारी से उबर रहे हैं और उन्हें विश्राम की सलाह दी गयी है. ऐसी व्यवस्था केवल इस बैठक के लिये की गयी है. ‘ धूमल ने कहा, ‘सचिव को बोर्ड बैठक में भाग लेना है इसलिए मुझे आईसीसी सीईसी बैठक में हिस्सा लेने को कहा गया जिसका हाल में वर्चुअल आयोजन किया गया था. ‘ बोर्ड बैठक में भारत में होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर भी चर्चा होनी है.








Source link