Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
दमोह5 दिन पहले
- कॉपी लिंक
दमाेह। नाले पर अतिक्रमण से काम शुरू नहीं हाे पा रहा है।
- बड़ापुल बगिया मोहल्ला में खुले नाले में गिरने से बाइक सवार युवक की हो चुकी है मौत
शहर के बड़ापुल बगिया मोहल्ला जाने वाले मार्ग पर सालों से खुले पड़े नाला को बंद कराने का काम अतिक्रमण होने के कारण शुरू नहीं हो पा रहा है। नाला के ऊपर लोगों ने अपने घरों तक पहुंचने के लिए पत्थर फर्सी कांक्रीट करवाकर अतिक्रमण कर लिया है। पिछले साल खुले नाला में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत भी हाे चुकी है। बारिश के समय वाहन चालक वाहन सहित फिसलकर नाला में गिरते हैं वहीं आए दिन मवेशी नाला में गिरते रहते हैं। हादसों को देखते हुए नाला को बंद कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया करीब आठ माह पहले हो चुकी है। लेकिन अतिक्रमण नहीं हटवाया गया है। ऐसे में ठेकेदार भी काम करने से पीछे हट रहे हैं।
अतिक्रमण हटवाने के संबंध में ठेकेदार द्वारा नगर पालिका में मौखिक शिकायत भी की गई लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। बता दें कि पिछले साल स्थानीय बड़ापुल निवासी अहिरवाल समाज का युवक बाइक सहित रात के समय नाला में गिर गया था जिससे उसकी मौत हो गई थी सुबह उसका शव नाला में पड़ा मिला था। इसके बाद से स्थानीय लोगों द्वारा लगातार नाला को बंद कराने शिकायत की जा रही है। राहगीर बृजेंद्र सींग, उमेश कुमार ने बताया कि यदि नाला को ऊपर से बंद करा दिया जाता है तो आवागमन में काफी सुविधा होगी अभी सड़क भी सकरी है और नाला चौड़ा है।
सड़क पर ही विद्युत पोल लगे हैं। चार पहिया वाहन भी नहीं निकल पाता है। जिले में अतिक्रमण विरोध मुहिम चलाई जा रही है और नगर पालिका द्वारा मुनादी कराई जा रही है कि सरकारी जमीन पर जो लोग अतिक्रमण किए हैं वे स्वयं हटा लेंवे अन्यथा सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। मुनादी के बाद बाजार में फुटपाथों आदि पर से लोगों ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है लेकिन शहर के भीतर गलियों में नाला के ऊपर सड़कों से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। जिससे स्थिति जस की तस बनी हुई है।
आठ माह पहले टेंडर हो चुका है
ठेकेदार दीपक सोनी का कहना है कि नाला को स्लैब डलवाकर बंद कराया जाना है पूरा नाला खुला है, इसके लिए लगभग आठ माह पहले टेंडर प्रक्रिया तो हो चुकी है लेकिन नाला के ऊपर अतिक्रमण है जिसकी शिकायत नगर पालिका अधिकारी से की गई थी। बीच में बजट का भी अभाव नगर पालिका में होने से काम शुरू नहीं हो पाया है।
जल्द ही काम शुरू होगा
सीएमओ बीडी कतरोलिया का कहना है कि नाला को बंद कराने का काम क्यों रुका है दिखवाना पड़ेगा, यदि अतिक्रमण है तो हटवाया जाएगा।