वाशिंगटन सुंदर ने पहली पारी में स्टीव स्मिथ को आउट किया (फोटो-AP)
India vs Australia, 4th Test: ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) ने स्टीव स्मिथ (Steve Smith) को आउट कर अपना पहला टेस्ट विकेट लिया.
सुंदर ने पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, ‘‘मैं शुरू से मानता रहा हूं कि मैं लाल गेंद से भी मैं अच्छी गेंदबाजी कर सकता हूं. मैंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट और चेन्नई में प्रथम डिवीजन लीग में काफी ओवर किए हैं. मैं पिछले दो महीनों से इस मौके का इंतजार कर रहा था।. इस बीच मैंने यहां काफी ओवर किए और अपने कौशल को निखारा. ’’ सुंदर ने 2017 से कोई फर्स्ट क्लास मैच नहीं खेला है लेकिन उन्हें लगता है कि उनमें लंबे स्पैल करने के लिए दमखम है.
स्टीव स्मिथ को आउट करना रहा शानदार
उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी गेंदबाज की तरह मुझे भी अधिक से अधिक ओवर करना पसंद है. अधिक ओवर करने का अलग आनंद है. आप मुझसे 20, 30, 40 या 50 ओवर करवा सकते हो. हमने स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन के लिए रणनीति बनायी थी और मुझे खुशी है कि हम उसमें सफल रहे. पहला विकेट लेने पर वास्तव में खुशी मिली. ’’ सुंदर ने अपने पहले दो ओवरों तक स्मिथ को बांधे रखा और अपनी 13वीं गेंद पर उन्हें शार्ट मिडविकेट पर कैच कराया. सुंदर से पूछा गया कि क्या अश्विन बनाम स्मिथ की प्रतिद्वंद्विता से वह प्रेरित थे, उन्होंने कहा, ‘‘हमने स्मिथ के लिए रणनीति बनायी थी और यह पूरी तरह से अलग तरह का मैच है. पिछला मैच भिन्न था, परिस्थितियां अलग थी और मैंने लगातार अच्छी गेंदें की. मुझे विकेट मिला और यह शानदार था. ’’भारतीय गेंदबाजों ने निभाई अच्छी भूमिका
भारत की तरफ से अंडर-19 विश्व कप में खेल चुके सुंदर ने कहा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है और ऐसे में ऑस्ट्रेलिया को पहले दिन पांच विकेट पर 274 रन पर रोकना अच्छा प्रयास है. उन्होंने कहा कि लंच तक विकेट में थोड़ा उछाल थी. विकेट अच्छा है और गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को रोककर अच्छी भूमिका निभाई. ’’
यह भी पढ़ें:
India vs Australia: शतक बनाने के बावजूद भी निराश हैं मार्नस लाबुशेन, भारतीय गेंदबाजों की तारीफ की
India vs Australia: रोहित शर्मा की तेज गेंदबाजी देख कार्तिक ने बुमराह और शमी को दी ये चेतावनी
सुंदर ने कहा कि 2018 में आयरलैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज से पहले टखने की चोट से वह मानसिक तौर पर मजबूत बने. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे वास्तव में खुशी है कि मैं उस दौर से गुजरा. इससे मैं मानसिक और शारीरिक दोनों में मजबूत बना. ’’ उनका मानना है कि इस दौरे में टेस्ट मैचों में पदार्पण करने वाले युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने के लिये स्वप्रेरित हैं. उन्होंने कहा, ‘‘सभी ने फर्स्ट क्लास स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है. अनुभव से भी अधिक ये खिलाड़ी उत्साहित हैं. नट्टू (टी नटराजन) ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की.”