टी नटराजन ने किया टेस्ट डेब्यू (साभार-नटराजन इंस्टाग्राम)
टी20 और वनडे के बाद टी नटराजन (T Natrajan Test Debut) ने टेस्ट डेब्यू भी किया, ब्रिसबेन में भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने
- News18Hindi
- Last Updated:
January 15, 2021, 8:34 AM IST
टी नटराजन की कहानी किसी परिकथा से कम नहीं है. इस खिलाड़ी को आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के बाद बतौर टी20 स्पेशलिस्ट टीम में शामिल किया गया था. टी20 सीरीज में भी उनका खेलना तय नहीं था क्योंकि भारत के पास और भी अच्छे गेंदबाज थे. लेकिन खिलाड़ियों की चोटों ने सबसे पहले नटराजन को वनडे डेब्यू का मौका दिया. नटराजन ने 2 दिसंबर, 2020 को कैनबरा में डेब्यू किया और वहां दो विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी. इसके बाद नटराजन को टी20 सीरीज के तीनों मैच खिलाए गए. नटराजन ने अपना टैलेंट वहां भी दिखाया और वो सीरीज के सबसे अच्छे गेंदबाज साबित हुए. बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने 6 विकेट अपने नाम किये, इस दौरान उनका इकॉनमी रेट महज 6.91 रहा.
नेट गेंदबाज बना टेस्ट क्रिकेटर
वनडे और टी20 में डेब्यू के बाद टी नटराजन को बतौर नेट गेंदबाज टेस्ट टीम के साथ रखा गया. वो रोजाना भारतीय गेंदबाजों को बल्लेबाजी प्रैक्टिस कराते. इस दौरान एक विवाद भी हुआ. विराट कोहली एडिलेड टेस्ट के बाद पितृत्व अवकाश लेकर भारत लौटे और पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने सवाल उठाया कि टी नटराजन भी हाल ही में पिता बने हैं और बीसीसीआई ने उन्हें बतौर नेट गेंदबाज टेस्ट टीम के साथ रखा हुआ है. हालांकि उस वक्त कोई नहीं जानता था कि टी नटराजन की किस्मत ब्रिसबेन आते-आते बदल जाएगी. चौथा टेस्ट आते-आते मोहम्मद शमी चोटिल हुए, जसप्रीत बुमराह को चोट लगी. आर अश्विन और जडेजा भी चोट खा बैठे. इसके बाद टीम इंडिया ने टी नटराजन को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया.टी नटराजन की कहानी
टी नटराजन की कहानी इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि ये खिलाड़ी तमिलनाडु के छोटे से गांव चिन्नापाम्पट्टी में जन्मा और इनकी मां मजदूरी कर परिवार का पेट पालती थी. टी नटराजन टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे और एक दिन उनपर कोच जयप्रकाश की नजर पड़ी, जिसके बाद बाएं हाथ के इस गेंदबाज को तमिलनाडु प्रीमियर लीग में खेलने का मौका मिला. नटराजन ने इसके बाद आईपीएल में जगह बनाई और आज ये खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट खेल रहा है.