ढाका: शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan) ने हाल में इस बात का ऐलान किया था कि वो जल्द तीसरी बार पिता बनने वाले हैं. ऐसा लगता है कि उनके घर में नए मेहमान के आने से पहले ही उनकी किस्मत के बंद दरवाजे खुल गए हैं. वो जल्द ही मैदान में अपना कमाल दिखाते हुए नजर आएंगे
सट्टेबाजों से संपर्क की जानकारी नहीं देने पर एक साल का बैन झेलने वाले अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan) को अगले हफ्ते वेस्टइंडीज (West Indies) के खिलाफ खेले जाने वाले वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश (Bangladesh) की 18 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है जिससे इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया.
यह भी पढ़ें- अलोचनाओं के बाद आया रोहित शर्मा का जवाब, ‘हिटमैन’ को नहीं है वो शॉट खेलने का मलाल
3 मैचों की इस घरेलू सीरीज के लिए तमीम इकबाल की कप्तानी वाली टीम में 3 नए चेहरों शोरिफुल इस्लाम, हसन महमूद और मेहदी हसन को भी जगह दी गयी है. बैन लगने के बाद शाकिब के लिए यह पहला इंटरनेशल टूर्नामेंट होगा. उन्हें इससे पहले इस सीरीज के लिए चुने गए 24 सदस्यीय शुरुआती टीम में भी शामिल किया गया था.
Bangladesh ODI Squad for the 3-match series against West Indies.#BANvWI#RiseOfTheTigers pic.twitter.com/Mbdm54ptQy
— Bangladesh Cricket (@BCBtigers) January 16, 2021
बांग्लादेश के टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल टीम के कप्तान रह चुके 33 साल के शाकिब ने बीते साल नवंबर में बंगबंधु टी20 कप घरेलू टूर्नामेंट से कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में वापसी की थी. शाकिब के अलावा तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और रूबेल हुसैन की भी बांग्लादेश टीम में वापसी हुई है.
बांग्लादेश के मुख्य चयनकर्ता मिनहाजुल आबेदीन ने बताया, ‘स्वाभाविक रूप से हम शाकिब अल हसन की टीम में वापसी से खुश हैं क्योंकि हम सभी जानते हैं कि वह मैच का पासा पलटने में सक्षम हैं और हम बहुत जल्द ही उनके सर्वश्रेष्ठ लय में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं.
टीम इस प्रकार है: तमीम इकबाल (कप्तान), शाकिब अल हसन, नजमुल हुसैन, मुशफिकुर रहीम, मोहम्मद मिथुन, लिट्टन दास, महमूदुल्लाह, अफिफ हुसैन, सौम्य सरकार, तस्कीन अहमद, रुबेल हुसैन, तैजुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, मेहिदी हसन, मोहम्मद सैफुद्दीन, मेहदी हसन, हसन महमूद, शोरिफुल इस्लाम.
(इनपुट-भाषा)