महिला पुलिस कर्मियों ने आम जनता को महिला सुरक्षा की शपथ दिलाई.
मध्य प्रदेश में महिला जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ने इस अभियान का नाम सम्मान रखा है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के बाद अब जमीनी स्तर पर पुलिस एक्शन में नजर आ रही है.
- Last Updated:
January 21, 2021, 7:10 AM IST
गौरतलब है कि प्रदेश भर में महिला जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ने इस अभियान का नाम सम्मान रखा है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के बाद अब जमीनी स्तर पर पुलिस एक्शन में नजर आ रही है. प्रदेश स्तरीय महिला जन जागरूकता अभियान ‘सम्मान‘ के तहत भोपाल पुलिस ने ओल्ड पुलिस कंट्रोल से रोशनपुरा चौराहे तक जन जागरूकता रैली का आयोजन कर आमजन को महिलाओं के प्रति सम्मान और उनकी सुरक्षा को लेकर संदेश दिया.
महिलाओं का सम्मान होगा, तभी समाज सुरक्षित होगा
डीआईजी (शहर) इरशाद वली ने रैली में सम्मिलित महिला और पुरुष कर्मचारियों, नगर रक्षा समिति के सदस्यों और आम जनता को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि हम सभी को महिला अपराधों की रोकथाम हेतु प्रण करना चाहिए. महिलाओं का सम्मान करना चाहिए, तभी हम सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकते हैं. इस जागरूकता रैली में महिला प्रकोष्ठ डीएसपी मणिक मणि कुमावत, कार्यक्रम प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुलोचना गहलोत, महिला मैत्री, थानों की महिला पुलिसकर्मी, रक्षित केंद्र, कंट्रोल रूम स्टॉफ, 7वी वाहिनी की बैंड टीम, चाइल्ड लाइन की अधिकारी, महिला एनजीओ की अधिकारी, नगर रक्षा समिति के सदस्य समेत करीब 200 लोगों ने भाग लिया.रोशनपुरा पर दिलाई शपथ
महिला सुरक्षा को लेकर रैली राजभवन और रोशनपुरा होते हुए वापस ओल्ड सिटी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची. इस दौरान रोशनपुरा चौराहे पर महिला पुलिस अधिकारी ने आम जनता को महिला सुरक्षा की शपथ दिलाई. शपथ में कहा गया कि हम शपथ लेते हैं कि हम अपने आसपास ऐसा वातावरण बनाएंगे, जिसमें नारी अपने आप को सुरक्षित महसूस करे तथा उन्हें समान अवसर प्राप्त हो, जय हिंद-जय मध्यप्रदेश.