IND vs ENG: टेस्ट टीम में Hardik Pandya की जगह मुश्किल, वॉशिंगटन सुंदर का दावा मजबूत

IND vs ENG: टेस्ट टीम में Hardik Pandya की जगह मुश्किल, वॉशिंगटन सुंदर का दावा मजबूत


नई दिल्ली: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) पिछले कुछ समय से सीमित ओवर क्रिकेट में भारत के लिए सबसे बड़े मैच विनर बनकर उबरे हैं, लेकिन पांड्या के लिए भारत की टेस्ट प्लेयिंग 11  में जगह बना पाना अभी भी बहुत मुश्किल काम है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में मिली शानदार सीरीज जीत के बाद भारत को काफी सारे अच्छे युवा खिलाड़ी मिल गए, जिसके बाद यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि पांड्या को आगामी इंग्लैंड सीरीज में एक बार फिर बाहर बैठना पड़े.

सुंदर ले सकते हैं टीम में पांड्या की जगह 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट मैचों में अहम रोल अदा करने वाले युवा ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सीरीज में विराट कोहली (Virat Kohli) की पहली पसंद हो सकते हैं. चेन्नई की पिच हमेशा से ही स्पिन गेंदबाजों के लिए बहुत ज्यादा मददगार रही है और घरेलू मैदान होने के चलते सुंदर को यहां खेलने का काफी अनुभव भी है. ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने के साथ-साथ सुंदर निचले क्रम में उपयोगी रन भी बनाते हैं, जिसके चलते भारत को रविन्द्र जडेजा (Ravindra Jadeja) की अनुपस्थिती में एक स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर भी मिल जाता है. ऐसे में टीम की प्लेयिंग 11 में हार्दिक (Hardik Pandya) को मौका मिलने के कम ही हालात है. 

भारत के पास अब काफी सारे ऑलराउंडर

एक समय पहले भारतीय टीम के पास ऑलराउंडरों की काफी कमी थी. ऐसा माना जाता था कि कपिल देव के बाद भारत में कोई उपयोगी ऑलराउंडर पैदा ही नहीं हुआ. लेकिन आज के समय की बात करें तो विराट कोहली की टीम के पास अब ऑलराउंडरों की कमी नहीं है. ऑस्ट्रेलिया में रविन्द्र जडेजा के चोटिल हो जाने के बाद भी, विराट कोहली के पास कई विकल्प हैं. अगर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) गेंदबाजी करने के लिए फिट होते हैं, तो इससे प्लेइंग इलेवन को काफी संतुलन मिलता है. लेकिन उनके बिना भी, टीम के पास ऑलराउंडरों की भरमार है. भारत के पास शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और रविचंद्रन अश्विन जैसा दिग्गज शामिल है. 

गेंदबाजी करने के लिए फिट नहीं हार्दिक 

पिछले लंबे समय से कमर की चोट से जूझ रहे हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने गेंदबाजी करने के लिए अभी भी फिट नहीं है और उन्हें ऑस्ट्रेलिया में सीमित ओवर की सीरीज में भी एक बल्लेबाज के तौर पर टीम में जगह दी गई थी. टेस्ट टीम में पहले ही बल्लेबाजों की कमी नहीं है. विराट कोहली (Virat Kohli) और चेतेश्वर पुजारा (Cheteswar Pujara) की अगुआई में टीम का बल्लेबाजी डिपार्टमेंट शानदार खेल रहा है. कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई दौरे के वक्त भी यह साफ कर दिया था कि वे हार्दिक पांड्या को टीम में सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर नहीं खिला सकते हैं. ऐसे में पांडया के लिए टीम में जगह पाना और भी मुश्किल हो जाता है.





Source link