नई दिल्ली: अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए ऑस्ट्रेलियाई दौरे को बीच में छोड़ स्वदेश लौटे भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने कहा उनके लिए पिता बनना उनके जीवन का सबसे बड़ा पल रहा है. बता दें कि विराट की पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने पिछले महीने की 11 तारीख को अपनी पहली बच्ची को जन्म दिया था. विराट और अनुष्का ने अपनी बेटी का नाम ‘वामिका’ रखा है.
पिता बनना सबसे खास
विराट कोहली (Virat Kohli) ने कहा कि पिता बनना उनके लिए अबतक का सबसे खास पल था, जिसकी किसी भी दूसरे पल से तुलना नहीं की जा सकती है. विराट ने चेन्नई (Chennai) टेस्ट से पहले वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मेरे लिए पिता बनना मेरे जीवन का, या फिर हमारे जीवन का सबसे बड़ा क्षण रहा है. और मैं जो कह रहा हूं उसे समझने के लिए अनुभव करना बहुत जरूरी है.’
अस्पताल में देख रहा था शार्दुल और सुंदर की बैटिंग
विराट (Virat Kohli) ने कहा कि जब उनकी पत्नी अनुष्का (Anushka Sharma) ने उनके बच्चे को जन्म दिया उस वक्त वे अस्पताल में तीसरे टेस्ट में शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) और वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) की बल्लेबाजी देख रहे थे तभी डॉक्टर ने उन्हें बुला लिया. विराट ने कहा, ‘मैं सभी मैच, खासतौर पर सिडनी टेस्ट (Sydney Test) और आखिरी टेस्ट देख रहा था. मुझे याद है कि जब शार्दुल और वाशिंगटन की पार्टनरशिप चल रही थी. मैं इसे अपने फोन पर देख रहा था, कि कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने मुझे बुला लिया. इससे समझ आता है कि आप टीम से कितने जुड़े हुए हैं और आप कितना अच्छा कर रहे हैं, इसके लिए आप काफी उत्सुक होते हैं.’
ऑस्ट्रेलिया मे जीत का श्रेय पूरी टीम को
विराट (Virat Kohli) ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में 2-1 से सीरीज जीत का श्रेय पूरी टीम को जाता है. उन्होंने कहा कि टीम की जीत में सभी ने योगदान दिया था. विराट ने कहा, ‘मैं पूरी टीम को सीरीज़ में वापसी करते हुए देखकर बहुत खुश और गौरवान्वित महसूस कर रहा था. ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने जो कुछ किया उसके लिए सभी श्रेय के हकदार हैं. यह कुछ ऐसा है जो भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के दिलों और दिमाग में हमेशा रहेगा.’