Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जयपुरकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
आज दोपहर 12 से 3 बजे तक किसान आंदोलन के समर्थन में हाईवे जाम (फाइल फोटो)
- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने पार्टी पदाधिकारियों को चक्का जाम सफल बनाने में सहयोग करने के निर्देश दिए
किसान आंदोलन के समर्थन और केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में आज दोपहर 12 बजे से तीन बजे कुल तीन घंटे तक नेशनल और स्टेट हाईवे जाम रहेंगे। किसान संगठनों ने चक्का जाम आंदोलन की घोषणा की थी, हाईवे जाम को कांग्रेस ने खुलकर समर्थन देते हुए पार्टी नेताओं को इसे सफल बनाने को कहा है। एआईसीसी से आए आदेशों के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सभी पार्टी पदाधिकारियों को हाईवे जाम को सफल बनाने में पूरा सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी का चक्का जाम आंदोलन को समर्थन मिलने के बाद अब राजधानी जयपुर सहित पूरे प्रदेश में इसका व्यापक असर देखने को मिलने के पूरे आसार हैं। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे हाईवे पर आवाजाही नहीं होगी। कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय स्तर पर हाईवे जाम करने की जिम्मेदारियां दे दी है। कांग्रेस विधायक और स्थानीय नेता तीन घंटे तक हाईवे जाम आंदोलन में मौके पर रहेंगे।
राजधानी जयपुर सहित सभी जगह हाईवे जाम का असर रहेगा
तीन घंटे हाईवे जाम का असर राजधानी जयपुर सहित सभी शहरों और सभी हाईवे पर रहेगा। राजधानी से जुड़े हाईवे पर भी तीन घंटे आवागमन बंद रहेगा। कांग्रेस ने अलग अलग नेताओं और क्षेत्रीय विधायकों और विधायक उम्मीदवार रह चुके नेताओं को हाईवे जाम की जिम्मेदारी दी है। राजधानी के प्रमुख हाईवे को बाहर एंट्री प्वॉइंट्स पर जाम किया जाएगा। सीकर रोड, आगरा रोड, दिल्ली रोड, अजमेर रोड और टोंक रोड पर शहर से कुछ दूरी पर 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम किया जाएगा।
आवश्यक सेवाओं को चक्का जाम से मुक्त रखा, एंबुलेंस, स्कूल बस चक्का जाम से मुक्त
तीन घंटे के चक्का जाम से आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया है। एंबुलेंस, स्कूल बस आ जा सकेंगे। आपातकालीन सेवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को चक्का जाम से छूट रहेगी।