Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
कानपुर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
कानपुर में प्रबुद्ध वर्ग व व्यापारी वर्ग कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्तार अब्बास नकवी।
- शनिवार को मुख्तार अब्बास नकवी ने कानपुर में व्यापारियों को बजट की खूबियां बताई
- कहा- आत्मनिर्भर भारत के सफल सफर का हमसफर है केंद्रीय बजट
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को कानपुर के सर्किट हाउस में बजट 2021-22 की विशेषताएं बताई। साथ ही कृषि बिल के खिलाफ चल रहे आंदोलनों पर भी अपना पक्ष रखा। इंटरनेशनल सेलेब्स द्वारा किसान आंदोलनों को समर्थन दिए जाने पर नकवी ने कहा कि अमेरिकी किसी पॉप स्टार के एक ट्वीट से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है। हमें अपनी ईमानदारी को सिद्ध करने के लिए किसी भी अंतरराष्ट्रीय संस्था के प्रमाण पत्र की जरूरत भी नहीं है। सरकार ने टकराव नहीं टॉक का रास्ता अपनाया है। बिल में ऐसा कुछ नहीं है, जिसे काला कहा जाए। क्योंकि न तो MSP खत्म होगी और न ही मंडियां।
रस्सी जल गई बल नहीं गया
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस का बगैर नाम लिए जमकर निशाना। कहा कि कभी तथाकथित असहिष्णुता पर बवाल तो कभी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल तो कभी CAA पर भ्रम तो कोरोना काल में लोगों की सेहत सलामती के लिए किए गए कामों पर पलीते का प्रयास किया गया। अब कृषि कानूनों पर किसानों के कंधे पर बंदूक के जरिए देश को बदनाम करने और किसानों के हितों का अपहरण करने की साजिश की जा रही है।
कुछ लोगों का सामंती गुरूर अभी नहीं उतरा
कुछ लोगों का ‘सामंती गुरुर-सत्ता का सुरूर’ अभी भी नहीं उतरा। रस्सी जल गई-बल नहीं गया। तमाम दुष्प्रचारों-पॉलिटिकल पलीते के बावजूद जनता ने 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए पर विश्वास जताया। प्रचंड बहुमत से सरकार बनी 2019 में दोबारा उससे बढ़कर जनादेश दिया। इस दौरान हुए विधानसभा, पंचायत, स्थानीय निकाय चुनावों में मोदी सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है।

कानपुर में भाजपा नेताओं ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत।
आत्मनिर्भर भारत के सफल सफर का हम सफर बजट
मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्रीय बजट 2021-22 को लेकर कहा कि बजट में सभी तबकों का सम्मान के साथ सशक्तिकरण सुनिश्चित कर आत्मनिर्भर भारत के सफल सफर का हम सफर है। समाज के सभी जरूरतमंदों के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक सशक्तिकरण और सेहत-सलामती के संकल्प से भरपूर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का यह बजट निवेशकों, उद्योग और बनियादी ढांचे के क्षेत्र ने भी सकारात्मक बदलाव लाएगा।
रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएगा बजट
नकवी ने कहा कि यह बजट देश को कोरोना की चुनौतियों से मजबूती से लड़कर हर क्षेत्र में विकास की नई कहानी लिखने के लिए तैयार करेगा। सभी वर्गो के गरीब, किसानों युवाओं, बुजुर्गो, महिलाओं, मजदूरों, छोटे व्यापारियों की आशा व आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट है। आम बजट 2021-22 में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार को आगे बढ़ाया गया है। MSME सेक्टर को मजबूती प्रदान की गई है। शिक्षा एवं अनुसंधान पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो देश में रोजगार सृजन में बहुत बड़ी भूमिका निभाएगा।