- Hindi News
- National
- Heavy Snowfall In Himachal Pradesh And Kashmir, Non hilly Terrain Is Also Cold In India
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नई दिल्ली6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
तस्वीर शिमला की है। यहां पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर भी मोटी बर्फ जम गई है।
देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है। खासतौर पर कश्मीर और हिमाचल के लोग इससे काफी ज्यादा प्रभावित हैं। हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी हुई है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड की वापसी हो गई है।
राजस्थान में दाे दिन हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद सर्दी बढ़ गई है। सर्द हवाएं चलने से कई शहराें में पारा 4 से 5 डिग्री सेल्सियस गिर गया है। वहीं, मध्यप्रदेश में बर्फीली हवाओं के आने का क्रम फिर शुरू हो गया है। झारखंड और बिहार के कई जिलों में बारिश की आशंका व्यक्त की गई है। हरियाणा के हिसार में पारा 4.4 डिग्री गिर गया है।
शिमला में 24 घंटे के अंदर 22.4 इंच बर्फ गिरी, पहले कभी रिकॉर्ड नहीं हुई इतनी बर्फबारी
हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में रिकॉर्डतोड़ बर्फबारी हुई है। इससे पहले जनवरी में शिमला में बारिश भी ठीक से नहीं हुई थी, लेकिन फरवरी में 24 घंटे में 22.4 इंच बर्फबारी का रिकॉर्ड बन गया। दरअसल, शिमला में 1990 से बर्फबारी का रिकॉर्ड रखा जा रहा है। तब से एक दिन में इतनी बर्फबारी कभी नहीं हुई है। यह इस सीजन की आखिरी बर्फबारी हो सकती है।

तस्वीर शिमला के रिज इलाके से देर रात क्लिक की गई है। यहां बर्फबारी ने इलाके की हर चीज को ढक लिया है।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हर तरफ बर्फ की चादर दिखाई दे रही है।

हिमाचल में हो रही बर्फबारी का पर्यटक जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। हालांकि, प्रशासन भी सड़कों पर से बर्फ साफ करने के काम में लगा हुआ है। ताकि किसी को परेशानी न हो।

बर्फबारी का आलम यहा है कि स्ट्रीट लाइट के खंभे पर भी बर्फ जम गई है।

शिमला में बर्फबारी के बाद सड़क पर गिरा हुआ बिजली का खंभा।

बर्फबारी के कारण एक ट्रक चालक को अपना ट्रक सड़क के किनारे खड़ा करना पड़ा।

सड़कों पर इतनी ज्यादा बर्फ गिर गई कि जेसीबी से लंबे समय तक बर्फ हटानी पड़ी।
MP के भोपाल में गिर सकता है रात का तापमान
मध्यप्रदेश में बर्फीली हवाओं के आने का क्रम फिर शुरू हो गया है। जिससे भोपाल में रात के तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट हाे सकती है। सागर, रीवा समेत पूर्वी मप्र में बारिश हाेने की भी संभावना है। इसका कारण उत्तरी राजस्थान में बने सिस्टम के उत्तर-पूर्वी मप्र में शिफ्ट होने को माना जा रहा है।
जयपुर में 5 डिग्री गिरा पारा, माउंट आबू फिर जमने लगी ओस
राजस्थान में दाे दिन हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद फिर सर्दी ने यू-टर्न ले लिया है। बीती रात सर्द हवाएं चलने से कई शहराें में रात का पारा 4 से 5 डिग्री सेल्सियस गिर गया। माउंट आबू में बीती रात न्यूनतम पारा सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। यहां पारा 0 डिग्री सेल्सियस था। जयपुर में तापमान 15 डिग्री से गिरकर 10 डिग्री पहुंच गया।

राजस्थान के माउंट आबू में तापमान शून्य डिग्री पहुंच गया, जिससे सुबह पौधों पर ओस जम गई।
बिहार में ठंड ने असर दिखाना शुरू किया, पटना में पारा सामान्य से 2 डिग्री कम
उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिम विक्षोभ ने बिहार में भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पटना सहित बिहार के सभी हिस्सों में शनिवार को हल्की और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 15 से 17 किमी की रफ्तार से हवा चलने के कारण मौसम सर्द रहने की आशंका है। बीती रात पटना का अधिकतम तापमान 26.6 और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो समान्य से 2 डिग्री कम है।
झारखंड में गिर सकते हैं ओले, बारिश की भी संभावना
रांची सहित झारखंड के कई हिस्साें में शनिवार काे बारिश और ओलावृष्टि हाेने के आसार हैं। इसके साथ ही गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। भारतीय माैसम वैज्ञानिकों के मुताबिक न्यूनतम तापमान में दाे से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
हरियाणा के हिसार, नारनौल, रोहतक और करनाल में भी गिरा पारा
पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी का असर हरियाणा पर भी पड़ा है। यहां के हिसार में बीती रात तापमान 4.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम था। इसके अलावा करनाल में 5.2 डिग्री, नारनौल में 4.5 डिग्री, रोहतक में 6.8, सिरसा में 6.7 डिग्री और रोहतक में दिन का तापमान 18.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री कम था।