Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
औरंगाबादकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
औरंगाबाद के दाउदनगर में बंदूक लिये जाप नेता का भाई।
औरंगाबाद के दाउदनगर में जाप नेता के भाई ने मामूली विवाद में पड़ोसी पर बंदूक तान दी। इसका वीडियो भी बनाया गया है। वार्ड संख्या 21 के अफीम कोठी निवासी चितरंजन मौआर ने जाप नेता के पिता ललन प्रसाद, उसके भाई अजीत कुमार और जाप नेता सह व्यापार मंडल दाउदनगर के अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह उर्फ चुन्नू यादव के खिलाफ दाउदनगर थाने में FIR दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में ललन प्रसाद और अजीत कुमार पर गाली-गलौज करते हुए उन पर हथियार तानने का आरोप लगाया है। कहा है कि जब वे इस घटना का वीडियो लेने के लिए आगे बढ़े तो गाली देते हुए आरोपित पत्थर फेंकने लगा। उस समय जाप नेता सुजीत कुमार उर्फ चुन्नु यादव भी पहुंच गए।
घटना का कारण सरकारी रास्ते का अतिक्रमण
घटना का कारण सरकारी रास्ते का आरोपितों द्वारा अतिक्रमण कर लेना बताया गया है। आवेदन में कहा गया है कि पहले भी उन्हें डराया-धमकाया गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद दाउदनगर थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम ने बताया कि सरकारी रास्ता को लेकर विवाद हुआ है। तीन लोगों को नामजद आरोपित बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना की जांच में हथियार का भी सत्यापन कराया जाएगा।
जाप नेता ने कहा छवि धूमिल करने की कोशिश
जाप नेता सुजीत कुमार सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कहा है कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि वे सासाराम से लौटे थे। सुरक्षा कारणों से उनके चाचा साथ में रहते हैं, जिनके नाम से हथियार का लाइसेंस है। घर आने के बाद उनके चाचा बाथरूम चले गए और भाई अजीत कुमार को हथियार रखने के लिए दे दिया। उसी दौरान हल्ला-गुल्ला होने लगा, जिसका वीडियो बनाकर गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है।