- Hindi News
- Business
- Reserve Bank Of India, Internal Circular, RBI Prohibits Its Officers To Talk With Press
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नई दिल्लीएक मिनट पहले
- कॉपी लिंक
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने यह सर्कुलर सभी क्षेत्रीय निदेशक, चीफ जनरल मैनेजर और सभी जोन के ऑफिसर इन-चार्ज को भेजा है।
- केंद्रीय बैंक ने इंटरनल सर्कुलर के जरिए दी अधिकारियों को सलाह
- हाल ही में पुराने नोट बंद करने को लेकर पैदा हुआ था भ्रम
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने अपने अधिकारियों की मीटिंग्स पर रोक लगा दी है। इसके अलावा अधिकारियों को मीडिया से बातचीत नहीं करने को कहा है। किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी लीक होने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
इंटरनल सर्कुलर के जरिए दी चेतावनी
RBI की ओर से 2 फरवरी को एक इंटरनल सर्कुलर जारी किया गया है। इस सर्कुलर में अधिकारियों की मीडिया से बातचीत पर प्रतिबंध लगाया गया है। सर्कुलर कहा गया है,’ किसी भी मीटिंग में शामिल होने वाले अधिकारियों को सलाह दी जाती है कि वे बैंक की नीतियों को सही से परिभाषित करें। इसको लेकर समय-समय पर पत्र जारी किए जा चुके हैं। अधिकारियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी परिस्थिति में मीडिया से बातचीत ना करें।’
RBI ने पहली बार दी ऐसी चेतावनी
इस मामले से वाकिफ एक सूत्र के मुताबिक, शायद यह पहला मौका है जब केंद्रीय बैंक ने अपने अधिकारियों को मीडिया से बातचीत ना करने की चेतावनी दी है। सूत्र का कहना है कि विभिन्न रिपोर्ट के कारण आम जनता में पैदा होने वाले भ्रम को दूर करने के लिए यह कदम उठाया गया है। RBI के वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्रीय स्तर पर विभिन्न मीटिंग में शामिल होते हैं। यह औपचारिक और अनौपचारिक मीटिंग्स होती हैं। केंद्रीय बैंक इस बात को लेकर चिंतित है कि इन मीटिंग्स में दिए गए अधिकारियों के बयान को लोग RBI की आधिकारिक राय मान लेते हैं।
पुराने नोट बंद करने की खबरों के बाद जारी हुआ सर्कुलर
हाल ही में मीडिया में खबरें आई थीं कि रिजर्व बैंक 100, 10 और 5 रुपए के पुराने करेंसी नोट को बदलने की योजना बना रहा है। RBI के एक वरिष्ठ अधिकारी के बयान के हवाले से यह खबर आई थी। हालांकि, बाद में RBI ने इन खबरों का खंडन किया था। इसके बाद ही यह सर्कुलर जारी किया गया है। RBI ने 25 जनवरी को भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा था कि पुराने नोट को बदलने संबंधी खबरें गलत हैं।
क्षेत्रीय कार्यालयों को भेजा सर्कुलर
यह सर्कुलर RBI के डिप्टी जनरल मैनेजर रैंक के अधिकारी की ओर से जारी किया गया है। क्षेत्रीय कार्यालयों को भेजे सर्कुलर में कहा गया है कि सभी कर्मचारी पॉलिसी को लेकर संवेदनशील रहें। सर्कुलर के मुताबिक, किसी भी राज्य या जिला स्तरीय मीटिंग के दौरान अधिकारी केवल संबंधित बयान दें। अधिकारियों को गाइडलाइन से अलग बयान ना देने की चेतावनी दी गई है। यह सर्कुलर सभी क्षेत्रीय निदेशक, चीफ जनरल मैनेजर और सभी जोन के ऑफिसर इन-चार्ज को भेजा गया है।