Australian Open 2021: Ankita Raina ने रचा इतिहास, Grand Slam के मेन ड्रॉ में पहुंचने वाली 5वीं महिला बनीं

Australian Open 2021: Ankita Raina ने रचा इतिहास, Grand Slam के मेन ड्रॉ में पहुंचने वाली 5वीं महिला बनीं


मेलबर्न: भारत की युवा टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना (Ankita Raina) को ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला डबल्स के ड्रॉ में जगह मिल गई है. इस तरह से वो किसी ग्रैंड स्लैम के मेन ड्रॉ में जगह बनाने वाली 5वीं भारतीय महिला टेनिस प्लेयर बन गई हैं. साल का पहला ग्रैंड स्लैम 8 फरवरी से शुरू होगा.

अंकिता रैना (Ankita Raina) महिला सिंगल्स के मेन ड्रॉ में जगह नहीं बना पाईं लेकिन उनके पास पहले दौर के मैच खत्म होने से पहले तक ‘लकी लूजर’ के तौर पर क्वालीफाई करने का मौका होगा. इस 28 साल की भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि रोमानिया की मिहेला बुजारनेकु के साथ जोड़ी बनाई है और उन्हें महिला डबल्स में सीधी एंट्री मिल गई.

यह भी पढ़ें- लोकल ट्रेन में क्यों नजर आए विराट और रोहित? वजह जानकर हंसी नहीं रोक पाएंगे आप

निरुपमा मांकड़ (1971), निरुपमा वैद्यनाथन (1998), सानिया मिर्जा और भारतीय-अमेरिकी शिखा ओबरॉय (2004) इससे पहले ग्रैडस्लैम के मेन ड्रॉ में जगह बनाने वाली भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी थी.

6 बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन सानिया के बाद अंकिता दूसरी भारतीय हैं जो ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के महिला डबल्स में हिस्सा लेंगी. निरुपमा ने सबसे पहले 1998 में ऑस्ट्रेलियान ओपन में ही सिंगल्स के मेन ड्रॉ में जगह बनाई थी

इसके अलावा निरुपमा मांकड़ ने 1971 में आनंद अमृतराज के साथ विंबलडन के मिक्स्ड डबल्स में हिस्सा लिया था. शिखा ने 2004 के यूएस ओपन के सिंगल्स में भाग लिया था और दूसरे दौर में जगह बनाई थी.

अंकिता ने कहा, ‘यह ग्रैंडस्लैम का मेरा पहला मेन ड्रॉ है इसलिए यह सिंगल्स है या डबल्स मैं इससे खुश हूं. कई सालों की कड़ी मेहनत के बाद मैं यहां तक पहुंची हूं. सिर्फ कड़ी मेहनत ही नहीं बल्कि लोगों के सहयोग और आशीर्वाद से भी मैं यहां पहुंच पाई हूं. मैं इसे नहीं भूल सकती.’

 

​उन्होंने कहा, ‘मुझे इस पर विश्वास नहीं हुआ. मुझे ड्रॉ में अपना नाम नहीं दिखा. प्रैक्टिल के बाद मैंने ड्रॉ देखा और उत्सुकता में अपना नाम ढूंढा लेकिन मुझे अपना नाम नहीं दिखा. इसके बाद मेरे कोच ने मुझे बताया कि मुझे ड्रॉ में जगह मिली है.’

अंकिता रैना (Ankita Raina) और बाएं हाथ से खेलने वाली मिहेला बुजारनेकु (Mihaela Buzarnecu) पहले दौर में वाइल्ड कार्ड से एंट्री पानी वाली ऑस्ट्रेलियान जोड़ी ओलिविया गाडेस्की और बेलिंडा वूलकॉक से भिड़ेंगी.

अंकिता ने कहा, ‘एक दोस्त ने मुझसे कहा कि मिहेला जोड़ीदार ढूंढ रही हैं. मैंने उससे बात की और वह तैयार हो गई. मैं इससे पहले उसके साथ नहीं खेली हूं लेकिन मैं बाएं हाथ के खिलाड़ी के साथ खेली हूं. इससे यह अच्छा कॉम्बिनेशन बन गया है. मैं इसको लेकर उत्साहित हूं.’

इस तरह से साल के पहले ग्रैंडस्लैम में चार भारतीय खेलेंगे. सुमित नागल पुरुष सिंगल्स में जबकि रोहन बोपन्ना और दिविज शरण डबल्स में अपनी चुनौती पेश करेंगे. शरण और स्लोवाकिया के उनके जोड़ीदार इगोर जेलेनी पहले दौर में जर्मनी के यानिक हाफमैन और केविन क्रावित्ज से भिड़ेंगे.

सुमित नागल पहले दौर में लिथुआनिया के रिकार्ड्स बेरेनकिस से भिड़ेंगे, रोहन बोपन्ना ने जापान के बेन मैकलाचलान के साथ जोड़ी बनाई है और वे पहले दौर में जी सुंग नाम और मिन कियु सोंग कोरियाई जोड़ी का सामना करेंगे.





Source link